Maharajganj Times

निचलौल के सौरभ पांडेय ने नेट-जेआरएफ परीक्षा की पास, परिजनों ने मिठाई बांटकर मनाई खुशी

Maharajganj
Friday, 18 Sep, 2026
0
75

 

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- लगन, कड़ी मेहनत और सही मार्गदर्शन के बल पर निचलौल कस्बे के प्रतिभावान छात्र सौरभ पांडेय ने राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा (यूजीसी नेट) में जूनियर रिसर्च फेलोशिप (जेआरएफ) हासिल कर बड़ी सफलता दर्ज की है। इस शानदार उपलब्धि से न केवल उनका परिवार गदगद है, बल्कि पूरे निचलौल क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। सौरभ के नेट-जेआरएफ क्वालीफाई करने की सूचना मिलते ही उनके घर पर बधाई देने वालों का तांता लग गया। परिवार के सदस्यों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशियां साझा कीं। परिजनों ने बताया कि सौरभ ने हमेशा अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित रखा और बिना विचलित हुए लगातार पढ़ाई की। उनका मानना है कि यह सफलता क्षेत्र के अन्य प्रतियोगी छात्रों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगी। सौरभ ने अपनी इस कामयाबी का श्रेय अपने माता-पिता के आशीर्वाद और परिवार के निरंतर प्रोत्साहन को दिया है। उनकी इस उपलब्धि पर दादी गायत्री पांडेय, पिता शैलेश पांडेय, माता मंजू पांडेय, चाचा सुनील, प्रदीप व बृजेश पांडेय, चाची सत्या पांडेय तथा भाई-बहनों (श्वेता, अर्कीता, अंकिता, हर्ष व आयुषी) ने खुशी जताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।स्थानीय लोगों और रिश्तेदारों का कहना है कि सौरभ की इस सफलता ने निचलौल क्षेत्र का गौरव पूरे प्रदेश में बढ़ाया है।