Maharajganj Times

महराजगंज में जाम से निजात के लिए ओवरब्रिज और सड़कों के चौड़ीकरण की मांग, सिसवा विधायक करेंगे मुख्यमंत्री से मुलाकात

Maharajganj
Monday, 31 Aug, 2026
0
485

 

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:-  जिला मुख्यालय पर लगातार बढ़ती यातायात व्यवस्था और जाम की समस्या को लेकर सिसवा विधायक ने बड़ी पहल की बात कही है। विधायक ने कहा कि महराजगंज शहर में बढ़ती आबादी और वाहनों की संख्या के कारण लोगों को आए दिन जाम का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में शहर को जाम की समस्या से स्थायी राहत दिलाने के लिए ओवरब्रिज निर्माण और प्रमुख मार्गों के चौड़ीकरण की आवश्यकता है। विधायक ने बताया कि उनका विचार है कि हनुमानगढ़ी से शुरू होकर धनेवा मोड़ और प्रमुख चौराहों के रास्ते जिला मुख्यालय तक ओवरब्रिज बनाया जाए। इससे भारी वाहन शहर के भीतर प्रवेश किए बिना सीधे ओवरब्रिज के माध्यम से निकल सकेंगे। इससे निचलौल-ठूठीबारी और गोरखपुर की ओर जाने वाले वाहनों को भी आसानी होगी। उन्होंने कहा कि सक्सेना चौराहे से निचलौल की ओर जाने वाले मार्ग पर कई प्रमुख कॉलेज और संस्थान स्थित हैं, जिसके कारण यहां वाहनों और लोगों की भारी भीड़ रहती है। आए दिन जाम लगने के साथ दुर्घटनाओं की संभावना भी बनी रहती है। विधायक ने कहा कि चौराहे से ठूठीबारी रोड तक तथा सिंदुरिया तक शेष मार्गों का पूर्ण चौड़ीकरण जनहित में बेहद जरूरी है। इसके लिए वह जल्द ही मुख्यमंत्री से मुलाकात कर ओवरब्रिज और सड़क चौड़ीकरण की मांग करेंगे। उन्होंने कहा कि जाम और सड़क दुर्घटनाओं के कारण हो रही धन और जनहानि को रोकने के लिए यह परियोजना जरूरी है। विधायक ने कहा कि एक जनप्रतिनिधि होने के नाते उन्हें स्वयं भी इस समस्या का सामना करना पड़ता है और इसका स्थायी समाधान कराया जाएगा।