Maharajganj Times

ई-साक्ष्य पोर्टल पर महराजगंज पुलिस की शानदार उपलब्धि, 10 हजार से अधिक एफआईआर हुईं डिजिटल लिंक

Maharajganj
Tuesday, 30 Jun, 2026
0
422

 

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो :- पुलिस ने तकनीक आधारित अपराध अनुसंधान के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। ई-साक्ष्य (eSakshya) पोर्टल के प्रभावी संचालन के तहत जनपद में दर्ज अधिकांश एफआईआर और घटनास्थल से जुटाए गए डिजिटल साक्ष्यों को सफलतापूर्वक ऑनलाइन प्रणाली से जोड़ दिया गया है। इससे विवेचना प्रक्रिया पहले की तुलना में अधिक पारदर्शी, वैज्ञानिक और साक्ष्य आधारित बनने की दिशा में मजबूती मिलेगी। पुलिस विभाग के अनुसार, 1 जुलाई 2024 से अब तक जनपद में दर्ज 11,511 एफआईआर में से 10,797 एफआईआर को ई-साक्ष्य पोर्टल से सफलतापूर्वक लिंक किया जा चुका है। वहीं घटनास्थल से संबंधित 15,937 सीन आइडेंटिफिकेशन डेटा (SID) तैयार किए गए, जिनमें से 15,386 SID को संबंधित एफआईआर से जोड़ा जा चुका है। यह उपलब्धि डिजिटल साक्ष्य प्रबंधन और तकनीक आधारित जांच व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।।इस सफलता का श्रेय पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के नेतृत्व, नियमित समीक्षा और जनपद के सभी अधिकारियों, थाना प्रभारियों, विवेचकों तथा पुलिसकर्मियों के सामूहिक प्रयासों को दिया जा रहा है। लगातार मॉनिटरिंग और समयबद्ध कार्यशैली के कारण जनपद ने ई-साक्ष्य पोर्टल के क्रियान्वयन में बेहतर प्रदर्शन किया है। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने कहा कि आधुनिक तकनीक का उपयोग अपराध अनुसंधान को अधिक प्रभावी और पारदर्शी बना रहा है। उन्होंने कहा कि महराजगंज पुलिस का लक्ष्य प्रत्येक विवेचना को तकनीकी रूप से मजबूत बनाते हुए पीड़ितों को त्वरित न्याय दिलाना है। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से इसी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करते रहने का आह्वान किया।