Maharajganj Times

11 हजार वोल्ट के पोल पर चढ़ तार से लटका रहा शराबी, घंटों चला हाईवोल्टेज ड्रामा; वीडियो वायरल

Maharajganj
Tuesday, 23 Jun, 2026
0
921

 

तार के पास लटकते देख ग्रामीणों में मचा हड़कंप, पुलिस और बिजली विभाग की तत्परता से टला बड़ा हादसा

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो: भिटौली थाना क्षेत्र के परसा खुर्द गांव में मंगलवार शाम उस समय हड़कंप मच गया जब शराब के नशे में धुत एक व्यक्ति 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन के पोल पर चढ़ गया। पोल पर चढ़ने के बाद वह बिजली के तारों के बेहद करीब पहुंच गया, जिसे देखकर ग्रामीणों के होश उड़ गए। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक काफी देर तक पोल पर चढ़ा रहा और नीचे उतरने को तैयार नहीं था। ग्रामीणों ने उसे समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह किसी की बात सुनने को तैयार नहीं था। घटना की सूचना तत्काल भिटौली पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। राहत की बात यह रही कि उस समय विद्युत आपूर्ति बाधित थी। फिर भी किसी प्रकार का जोखिम न लेते हुए पुलिस ने विद्युत उपकेंद्र भिटौली को सूचना देकर लाइन की सप्लाई पूरी तरह बंद करवा दी। इसके बाद युवक को सुरक्षित नीचे उतारने की कवायद शुरू की गई। काफी देर तक समझाने-बुझाने और मशक्कत के बाद युवक पोल से नीचे उतरने को राजी हुआ। उसके सुरक्षित नीचे आते ही ग्रामीणों और पुलिस कर्मियों ने राहत की सांस ली। यदि बिजली आपूर्ति चालू रहती तो बड़ा हादसा हो सकता था। भिटौली थानाध्यक्ष सत्येंद्र कुमार राय ने बताया कि पोल पर चढ़ा व्यक्ति दीन दयाल शराब के नशे में था। उसे सुरक्षित नीचे उतारकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। पुलिस ने लोगों से ऐसी खतरनाक हरकतों से बचने और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत प्रशासन को सूचना देने की अपील की है।