Maharajganj Times

पोखरी सुंदरीकरण गेट बना मौत का कारण, मलबे में दबकर मासूम की दर्दनाक मौत

Maharajganj
Saturday, 20 Jun, 2026
0
489

 

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- नौतनवा विकास खंड के ग्राम शेष फरेन्दा में शनिवार को एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया। गांव की पोखरी पर सुंदरीकरण के तहत निर्मित प्रवेश द्वार (गेट) अचानक भरभराकर गिर गया, जिसकी चपेट में आने से एक मासूम बच्चा मलबे के नीचे दब गया। गंभीर रूप से घायल बच्चे को आनन-फानन में परिजन नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के दौरान उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बच्चा पोखरी के पास खेल रहा था, तभी अचानक गेट का एक हिस्सा ढह गया और वह उसके नीचे दब गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल मलबा हटाकर बच्चे को बाहर निकाला, लेकिन तब तक वह गंभीर रूप से घायल हो चुका था। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। घर में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि सुंदरीकरण कार्य में मानकों की अनदेखी और घटिया निर्माण सामग्री के इस्तेमाल के कारण यह हादसा हुआ है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। सोनौली थानाध्यक्ष महेंद्र मिश्रा ने बताया कि परिजनो ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया है और वे किसी प्रकार की कानूनी कार्रवाई नही चाहते हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है तथा निर्माण कार्य से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जाएगी। वहीं, इस दर्दनाक घटना के बाद गांव में शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।