Maharajganj Times

नहर रेगुलेटर पर युवक का शव मिलने से सनसनी, आत्महत्या की आशंका

Maharajganj
Wednesday, 17 Jun, 2026
0
397

 

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- कोठीभार थाना क्षेत्र के बरवा दिगम्बर गांव में बुधवार सुबह नहर के रेगुलेटर पर एक युवक का शव फंदे से लटका मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह करीब छह बजे पुलिस को सूचना मिली कि गांव के समीप स्थित नहर रेगुलेटर पर एक युवक फंदे से लटका हुआ है। मौके पर पहुंची कोठीभार पुलिस ने देखा कि लगभग 30 वर्षीय युवक का शव कपड़े के सहारे रेगुलेटर से लटका हुआ था। पुलिस ने तत्काल घटनास्थल को सुरक्षित कर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। युवक की पहचान और आत्महत्या के संभावित कारणों की जानकारी जुटाने का प्रयास किया जा रहा है। घटना के पीछे पारिवारिक, सामाजिक या अन्य किसी कारण की संभावना को लेकर भी जांच की जा रही है। पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों की स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी। कोठीभार थाना प्रभारी अखिलेश वर्मा ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है। फिलहाल कानून-व्यवस्था की स्थिति सामान्य है और पुलिस सभी तथ्यों को ध्यान में रखकर आगे की कार्रवाई कर रही है।