Maharajganj Times

सरकारी दर पर इलाज की नई पहल: केएमसी मेडिकल कॉलेज में विशेष योजना शुरू, गरीबों को बड़ी राहत

Maharajganj
Sunday, 05 Apr, 2026
0
146

 

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- जनपद के लोगों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं में बड़ी राहत देने वाली पहल के तहत पी.पी.पी. मॉडल पर स्थापित केएमसी मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में विशेष चिकित्सा योजना की शुरुआत की गई है। इस योजना के अंतर्गत मरीजों को सरकारी दरों पर ऑपरेशन एवं उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग को बड़ा लाभ मिल रहा है। इस योजना का शुभारंभ 2 अप्रैल को संस्था के चेयरमैन विजय श्रीवास्तव ने फीता काटकर किया। 5 अप्रैल 2026 को आयोजित प्रेस वार्ता में संस्था के चेयरमैन ने बताया कि जनपद के लोगों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए यह पहल की गई है। योजना शुरू होने के महज तीन दिनों के भीतर ही बड़ी संख्या में मरीजों ने पंजीकरण कराकर इलाज शुरू करा दिया है। उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत जनरल सर्जरी, ऑर्थोपेडिक, ईएनटी, स्त्री एवं प्रसूति रोग, नेत्र रोग, मूत्र रोग तथा जनरल मेडिसिन के मरीजों को सस्ती दरों पर उपचार मिलेगा। खास बात यह है कि शांति फाउंडेशन ट्रस्ट द्वारा मरीजों को ऑपरेशन के दौरान दी जाने वाली दवाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे इलाज का खर्च और कम हो जाएगा। चेयरमैन ने कहा कि जिन लोगों के पास आयुष्मान कार्ड नहीं है, उन्हें भी इस योजना के तहत राहत दी जाएगी। अब मरीजों को ऑपरेशन के लिए मात्र 1000 से 8000 रुपये तक ही खर्च करना पड़ेगा। उन्होंने आमजन से अपील की कि अधिक से अधिक लोग इस योजना का लाभ उठाएं और जरूरतमंदों तक इसकी जानकारी पहुंचाएं। कार्यक्रम के दौरान 35 लाभार्थियों को निःशुल्क दवाओं के किट भी वितरित किए गए। अब तक इस योजना के तहत 100 से अधिक मरीजों का सफल ऑपरेशन किया जा चुका है, जिससे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।

<