Maharajganj Times

आस्था और पर्यटन को बढ़ावा, 61 लाख से होगा बौद्ध स्थल का विकास

Maharajganj
Monday, 23 Mar, 2026
0
169

 

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:-  जनपद के नगर पंचायत चौक क्षेत्र में स्थित बौद्ध स्थल का अब व्यापक विकास किया जाएगा। आस्था और पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इस स्थल के पुनरुद्धार के लिए 61 लाख रुपये की योजना तैयार की गई है। चौक जंगल के समीप स्थित यह स्थल रामग्राम क्षेत्र से जुड़ा होने के कारण धार्मिक और ऐतिहासिक दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण माना जाता है।नगर पंचायत चौक के अधिशासी अधिकारी ओमप्रकाश यादव तथा अध्यक्ष प्रतिनिधि ने संयुक्त रूप से स्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्रस्तावित विकास कार्यों का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अधिकारियों ने बताया कि इस योजना के तहत बौद्ध स्थल को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जाएगा, जिससे यहां आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। परियोजना के अंतर्गत बाउंड्री वाल का निर्माण, इंटरलॉकिंग मार्ग, आकर्षक प्रकाश व्यवस्था तथा समुचित सौंदर्यीकरण का कार्य कराया जाएगा। इन व्यवस्थाओं से न केवल स्थल की सुरक्षा सुनिश्चित होगी, बल्कि यह क्षेत्र पर्यटन के लिहाज से भी विकसित होगा। खासतौर पर रामग्राम से जुड़े होने के कारण इस स्थल पर बाहर से आने वाले पर्यटकों की संख्या बढ़ने की संभावना है। स्थानीय नागरिकों ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि बौद्ध स्थल उनकी आस्था का प्रमुख केंद्र है और इसके विकास से क्षेत्र की पहचान को नई दिशा मिलेगी। नगर पंचायत प्रशासन का कहना है कि सभी आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी कर जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा, ताकि समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा कर जनता को इसका लाभ दिया जा सके

<