Maharajganj Times

महराजगंज में जनगणना की तैयारियां तेज, प्रशिक्षण के तीसरे दिन कराया गया फील्ड भ्रमण

Maharajganj
Wednesday, 18 Mar, 2026
0
143

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो: जिले में प्रस्तावित जनगणना 2027 की तैयारियों को लेकर फील्ड ट्रेनरों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। प्रशासन की स्वीकृति के क्रम में आयोजित इस प्रशिक्षण का उद्देश्य जनगणना कार्य को समयबद्ध, सुव्यवस्थित एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से संपन्न कराना है। जनपद के कुल 90 फील्ड ट्रेनरों को चार मास्टर ट्रेनरों द्वारा तीन चरणों में 30-30 की संख्या में प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रथम चरण का प्रशिक्षण 16, 17 और 18 मार्च 2026 को आयोजित किया गया। इस चरण के तीसरे दिन अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) प्रशांत कुमार तथा जिला जनगणना अधिकारी की उपस्थिति में प्रशिक्षण सत्र संपन्न हुआ। प्रशिक्षण के दौरान फील्ड ट्रेनरों को चौपरिया नगर पालिका परिषद में फील्ड भ्रमण कराया गया। इस दौरान उन्हें घरों के सूचीकरण, परिवारों की गणना तथा मोबाइल ऐप के माध्यम से डेटा संकलन की प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि आधुनिक तकनीक के उपयोग से जनगणना कार्य को अधिक सटीक और पारदर्शी बनाया जाएगा। तीसरे दिन का यह प्रशिक्षण कार्यक्रम जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय के सभागार में आयोजित किया गया, जहां प्रशिक्षुओं ने अपने अनुभव साझा किए और अधिकारियों से आवश्यक मार्गदर्शन प्राप्त किया। प्रशासन का मानना है कि इस प्रशिक्षण के माध्यम से फील्ड स्तर पर कार्य करने वाले कर्मियों की दक्षता में वृद्धि होगी, जिससे जनगणना 2027 का कार्य सुचारु रूप से संपन्न हो सकेगा।

<