Maharajganj Times

रोड पर खड़े ट्रक में एंबुलेंस की जोरदार टक्कर, चालक-परिचालक गंभीर रूप से घायल

Maharajganj
Saturday, 06 Dec, 2025
0
857

 

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- नगर में फरेंदा रोड पर शनिवार तड़के लगभग 4 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। जानकारी के मुताबिक तेज रफ्तार एंबुलेंस एक ट्रांसपोर्ट के खड़े ट्रक में जा घुसी, जिससे एंबुलेंस का आगे का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एंबुलेंस में सवार चालक और परिचालक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में सिद्धार्थनगर निवासी चालक उमेश और कुशीनगर के परिचालक नागेंद्र बुरी तरह घायल बताए जा रहे हैं। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने दोनों को बाहर निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक हालत देखते हुए उन्हें बीआरडी मेडिकल कॉलेज, गोरखपुर के लिए रेफर कर दिया। सूत्रों के अनुसार एंबुलेंस जिला अस्पताल में मरीज लाने के लिए जा रही थी, जबकि ट्रक गोरखपुर से माल लेकर पहुंचा था और चालक किसी काम से सड़क किनारे वाहन खड़ा करके रुका हुआ था। इसी दौरान तेज रफ्तार एंबुलेंस अनियंत्रित होकर ट्रक से जा टकराई। सदर कोतवाल निर्भय कुमार सिंह ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।