Maharajganj Times

Maharajganj News : दुर्गा विसर्जन जुलूस में हादसा, घुघुली में दीवार गिरने से दो महिलाएं गंभीर

Maharajganj
Friday, 03 Oct, 2025
0
999

 

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो :- दुर्गा प्रतिमा विसर्जन का जुलूस शुक्रवार सुबह घुघुली थाना क्षेत्र के भुवना गाँव स्थित सूखापट्टी टोला में मातम में बदल गया। डीजे से लदी ट्राली बैक करने के दौरान संकरी गली में दीवार से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दीवार ढह गई और उसके नीचे दबकर दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। गाँव के काली मंदिर से प्रतिमा विसर्जन यात्रा निकली थी। जैसे ही ट्राली गली से निकाली जा रही थी, अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह दीवार से जा भिड़ी। दीवार के मलबे में दबकर कुरैशी (50) और संध्या (45) बुरी तरह घायल हो गईं। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए दीवार हटाई और दोनों को एम्बुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, घुघुली पहुँचाया। डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए तुरंत जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुँची। घुघुली थानाध्यक्ष कुंवर गौरव सिंह ने बताया कि हादसे की जांच की जा रही है। डीजे को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्यवाही शुरू कर दी गई है।