Maharajganj Times

पंचायत इंटर कॉलेज परतावल में इसरो की आर्ट इन स्पेस व क्विज प्रतियोगिता सम्पन्न

Maharajganj
Sunday, 28 Sep, 2025
0
101

 

480 प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा, छह का होगा चयन, बच्चों को मिला सफलता का मंत्र

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो :- पंचायत इंटर कॉलेज परतावल बाजार में शनिवार को इसरो-इनस्पेस एवं एस्ट्रोनॉटिकल सोसाइटी ऑफ इंडिया के मार्गदर्शन और नमस्कार फाउंडेशन के सहयोग से जनपद स्तरीय आर्ट इन स्पेस एवं स्पेस क्विज 20:20 प्रतियोगिता का सफल आयोजन हुआ। जिले के सभी ब्लॉकों से चयनित 480 छात्र-छात्राओं ने इसमें भाग लिया। चयनित छह विद्यार्थी आगामी दिनों में कुशीनगर के तुर्कपटी में होने वाली सेटेलाइट और रॉकेट प्रतियोगिता में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। मुख्य अतिथि इसरो वैज्ञानिक कमलेंद्र कृष्ण त्रिपाठी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि विज्ञान और तकनीक में करियर बनाने के लिए मेहनत, अनुशासन और निरंतर प्रयास जरूरी है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं बच्चों में वैज्ञानिक सोच और नवाचार की ऊर्जा जगाती हैं। विशिष्ट अतिथि परियोजना निदेशक रामदरश चौधरी ने विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी को जिले की शिक्षा व्यवस्था की सकारात्मक दिशा बताया। वहीं पनियरा विधायक ज्ञानेन्द्र सिंह ने छात्रों को परिश्रम और लगन के साथ शिक्षा अर्जित कर वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए विद्यालय के संरक्षक धीरेन्द्र कृष्ण त्रिपाठी ने कहा कि यह प्रतियोगिता बच्चों के भविष्य को विज्ञान और नवाचार की ओर मोड़ने का अवसर है। जिला विद्यालय निरीक्षक प्रदीप शर्मा ने इस आयोजन को जिले के लिए गौरवपूर्ण बताते हुए आगे इसे और व्यापक स्तर पर आयोजित करने की बात कही। इस अवसर पर नमस्कार फाउंडेशन के सचिव उत्कर्ष मिश्रा ने बताया कि संस्था का उद्देश्य बच्चों तक अंतरिक्ष विज्ञान की जानकारी सरल भाषा और रोचक तरीके से पहुंचाना है। कार्यक्रम में मिशन शक्ति 5.0 अभियान के तहत एक दिन की प्रधानाचार्य बनी छात्रा शानवी सिंह को विशेष सम्मान दिया गया। मंच संचालन सुरज गुप्ता ने किया। अंत में अतिथियों ने नोडल शिक्षकों को सम्मानित कर उनके योगदान की सराहना की।

<