Maharajganj Times

Leopard Attack : तेंदुए के हमले में 15 वर्षीय बच्ची गंभीर, गांव वालों की बहादुरी से बची जान

Maharajganj
Wednesday, 17 Sep, 2025
0
643

 

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- जनपद के वन टांगिया कंपार्ट नंबर 24 रेंज मधवलिया में बीती रात दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। आधी रात घर में घुसे तेंदुए ने 15 वर्षीय बच्ची प्रियंका पर हमला कर दिया। तेंदुआ मच्छरदानी समेत बच्ची को दबोचकर करीब 50 मीटर दूर तक घसीट ले गया। घटना रात ढाई बजे की है जब प्रियंका अपनी मां और भाई-बहनों के साथ सो रही थी। अचानक तेंदुए ने उस पर हमला बोल दिया। प्रियंका की मां ने शोर मचाया तो गांव के लोग मौके पर पहुंचे। रमेश पासवान, रीता देवी, चंद्रशेखर, रोशनलाल साहनी, विजय साहनी, राजकुमार साहनी और राजेश दहारी मद्धेशिया ने साहस दिखाते हुए बड़ी मशक्कत के बाद बच्ची को तेंदुए के चंगुल से छुड़ाया। गंभीर रूप से घायल बच्ची को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चौक बाजार, फिर जिला अस्पताल और उसके बाद बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर किया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने कोटेदार चंद्रशेखर और क्षेत्रीय रेंज अधिकारी अजीत कुमार को अवगत कराया। रेंज अधिकारी ने आश्वासन दिया कि विभागीय स्तर से हरसंभव सहयोग दिया जाएगा। इस हमले के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम और गश्त बढ़ाने की मांग की है।  

<