Maharajganj Times

Maharajgnj News : 4000 छात्रों के साथ पंचायत इंटर कॉलेज से निकली भव्य तिरंगा यात्रा, गूंजे देशभक्ति के नारे

Maharajganj
Thursday, 14 Aug, 2025
0
132

 

हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत निकाली गई यात्रा, 3 किमी तक फहराया 200 मीटर लंबा तिरंगा

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- परतावल नगर पंचायत स्थित पंचायत इंटर कॉलेज में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत गुरुवार को भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। इस ऐतिहासिक यात्रा में कॉलेज के लगभग 4000 छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। यात्रा ने पूरे क्षेत्र में देशभक्ति की अलख जगा दी। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला विद्यालय निरीक्षक प्रदीप कुमार शर्मा, कॉलेज के संरक्षक धीरेन्द्र कृष्ण त्रिपाठी और प्रधानाचार्य डॉ. दीनबंधु शुक्ल ने संयुक्त रूप से किया। तिरंगा यात्रा कॉलेज परिसर से आरंभ होकर नगर के विभिन्न मार्गों से होते हुए लगभग 3 किलोमीटर का सफर तय करते हुए निकाली गई। छात्रों ने 200 मीटर लंबे तिरंगे को थामे देशभक्ति के नारों के साथ मार्च किया। इस अवसर पर धीरेन्द्र कृष्ण त्रिपाठी ने कहा कि ऐसी यात्राएं देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना को प्रबल करती हैं। प्रधानाचार्य डॉ. शुक्ल ने राष्ट्रीय प्रतीकों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन समाज में अखंडता और समरसता की भावना को मजबूती प्रदान करते हैं। कार्यक्रम में खण्ड शिक्षा अधिकारी मुसाफिर सिंह पटेल सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। विनोद कुमार सिंह, आनंद सोनी, अवधेश कुमार, डॉ. अंशुमान त्रिपाठी, अजीत श्रीवास्तव समेत कई शिक्षकों व सामाजिक कार्यकर्ताओं ने इस आयोजन को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाई। यात्रा के माध्यम से न केवल आज़ादी की गौरवगाथा को याद किया गया, बल्कि युवाओं में राष्ट्रप्रेम की भावना भी गहराई।

<