Maharajganj Times

MAHARAJGANJ : तटबंधों की मजबूती और बाढ़ से सुरक्षा को लेकर सख्त हुए डीएम, दिए अहम निर्देश

Maharajganj
Monday, 23 Jun, 2025
0
147

 

पनियरा क्षेत्र में जर्दी डोमरा सहित पांच तटबंधों का किया निरीक्षण

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:-  बाढ़ से निपटने की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा सख्त दिखे। सोमवार को उन्होंने पनियरा ब्लॉक के अंतर्गत जर्दी डोमरा, भोराबारी, औरैया, हरखपुरा, अकटहवा जैसे गांवों में पांच प्रमुख तटबंधों का निरीक्षण किया। करीब 36.5 किलोमीटर लंबी इन तटबंध श्रृंखलाओं की स्थिति की समीक्षा करते हुए उन्होंने कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने ग्राम लक्ष्मीपुर में बाढ़ चौकी और बाढ़ स्टोर की व्यवस्थाएं देखीं तथा रैटहोल और रेनकट की स्थिति की जानकारी लेते हुए उन्हें भरवाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि तटबंधों पर चल रहे सुदृढ़ीकरण कार्यों—जैसे जिओ बैग और जिओ ट्यूब के उपयोग—को तय समय में पूरा किया जाए। डोमरा गांव में विद्युत तारों की ऊंचाई कम होने की शिकायत पर उन्होंने विद्युत विभाग को तत्काल सुधार कराने को कहा। जिलाधिकारी ने नावों, नाविकों और गोताखोरों की सूची अपडेट रखने और उनसे नियमित संपर्क बनाए रखने का निर्देश लेखपाल को दिया। उन्होंने आपदा मित्रों की संख्या और तैयारियों की भी जानकारी ली। ग्रामीणों से बातचीत के दौरान तटबंध कार्यों पर संतोष जताया गया। डीएम शर्मा ने साफ कहा कि बाढ़ सुरक्षा और राहत कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं चलेगी। मनरेगा के तहत मरम्मत कार्य कराने और चौकियों पर सभी व्यवस्थाएं समय रहते मुकम्मल करने के निर्देश भी उन्होंने दिए। निरीक्षण के दौरान एसडीएम सदर रमेश कुमार और जिला सूचना अधिकारी प्रभाकर मणि त्रिपाठी भी मौजूद रहे।

<