Maharajganj Times

Maharajganj News : मेंथा ऑयल की टंकी फटने से बड़ा हादसा, पांच लोग झुलसे; जिला अस्पताल रेफर

Maharajganj
Sunday, 08 Jun, 2025
0
1173

 

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- निचलौल थाना क्षेत्र के चंदा गुलरभार गांव में रविवार को मेंथा ऑयल की टंकी फटने से बड़ा हादसा हो गया। इस हादसे में पांच लोग गंभीर रूप से झुलस गए। घटना के समय पिपरमिंट की पेराई का कार्य चल रहा था, तभी टंकी अत्यधिक गर्म होने से अचानक तेज धमाके के साथ फट गई। धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि दूर-दूर तक सुनाई दी और ग्रामीणों के कानों में घंटों तक गूंजती रही। जानकारी के अनुसार, यह टंकी गांव की आबादी से कुछ दूरी पर स्थित थी, जहां मजदूर पिपरमिंट की पेराई कर रहे थे। हादसे में सूरज चौहान (12), किशन चौहान (17) निवासी लालपुर, सुभावती देवी (60), मेनका (32) और कुश्मी यादव (28) गंभीर रूप से झुलस गए। सभी घायलों को तत्काल ग्रामीणों की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निचलौल पहुंचाया गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद सभी घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। थाना प्रभारी निरीक्षक अखिलेश कुमार वर्मा ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। फिलहाल क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनी हुई है और मामले की जांच की जा रही है। गांव मेंथा ऑयल उत्पादन का केंद्र है, लेकिन इस तरह की घटनाएं सुरक्षा मानकों की अनदेखी की ओर इशारा करती हैं। प्रशासन से मांग की जा रही है कि मेंथा यूनिट्स की जांच की जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।