Maharajganj Times

Maharajganj News : एआरटीओ कार्यालय में डीएम का छापा, लापरवाही पर जताई नाराजगी, दिए कार्रवाई के निर्देश

Maharajganj
Wednesday, 04 Jun, 2025
0
1262

 

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो : जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने बुधवार को एआरटीओ कार्यालय का औचक निरीक्षण कर प्रशासनिक व्यवस्था की हकीकत का जायजा लिया। डीएम के अचानक पहुंचने से कार्यालय में हड़कंप मच गया। निरीक्षण के दौरान केवल दो लिपिक – मुकेश यादव और अश्विनी पांडेय – ही उपस्थित मिले। वरिष्ठ सहायक शिवरतन लाल सहित कई कर्मचारी बिना सूचना के अनुपस्थित पाए गए। पीटीओ जीत बहादुर सिंह के बारे में बताया गया कि वे परतावल क्षेत्र में चेकिंग अभियान पर हैं।

कर्मचारियों की गैरहाजिरी पर जिलाधिकारी ने कड़ा रुख अपनाते हुए तत्काल अनुशासनात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए। कार्यालय परिसर में फैली गंदगी और अभिलेखों की अव्यवस्थित स्थिति पर भी उन्होंने गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने इसे कर्मचारियों की लापरवाही और शिथिलता का प्रतीक बताया और कहा कि इसे किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

डीएम ने आरटीओ गोरखपुर व प्रभारी एआरटीओ को निर्देशित किया कि कार्यालय की व्यवस्था सुधारें और सभी कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करें। उन्होंने वहां मौजूद आवेदकों से बातचीत कर उनकी समस्याएं भी जानीं और सेवा में पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि पंजीकरण, ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन फिटनेस जैसी सेवाएं समयबद्ध व ईमानदारी से प्रदान की जाएं। अंत में, डिप्टी कलेक्टर मुकेश सिंह को अभिलेखों की जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने और एआरटीओ कार्यालय की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान एडीएम सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।

<