Maharajganj Times

पुरानी तहसील के निर्माणाधीन पार्क में बनेगा क्लॉक टॉवर

Maharajganj
Saturday, 15 Jul, 2023
0
1255


शहर के मुख्य चौराहे के समीप यह पार्क बनेगा आकर्षण का केन्द्र
 
पार्क को बनाने में खर्च होंगे 39 लाख रूपए, निर्माण कार्य शुरू
 
महराजगंज टाइम्स ब्यूरो
:- अपनी भौगोलिक परिस्थिति के चलते गांव से जिला मुख्यालय बने महराजगंज को जल्द ही अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस पार्क की सौगात मिलने वाली है। नगर के मुख्य चौराहे के समीप पुरानी तहसील के जर्जर भवन को तोड़ कर पार्क का निर्माण कराने का कार्य शुरू है। पार्क में क्लॉक टॉवर(घंटाघर) भी बनेगा। यह शहर की प्रमुख पहचान बन कर उभरेगा। 
गोरखपुर जनपद से 2 अक्तूबर 1989 से अलग होकर जिला मुख्यालय बना महराजगंज पहले चिउरहा गांव का एक टोला था। जिला मुख्यालय बनने के बाद इसे नगर पालिका बनाकर शहरी विकास का कार्य शुरू कराया गया। चौंतीस साल के विकास के सफर में कई बदलाव हुआ। जिसके बाद लोगों को शहरी होने का एहसास हो रहा है। शहर में पार्क की सुविधा नहीं थी। नगर पालिका ने जिला पंचायत के सामने छोटे से क्षेत्रफल में अंबेडकर पार्क का निर्माण कराया। अब वह लोगों का आकर्षण का केन्द्र बना है। शाम ढलते ही लाइटिंग व फव्वारे के चलते बच्चे अभिभावकों संग पार्क में खूब मस्ती करते हैं। इससे शासन की मंशा धरातल पर साकार होती दिख रही है। इसके बाद डीएम सत्येन्द्र कुमार व एडीएम डॉ. पंकज कुमार वर्मा ने जिला मुख्यालय में जिला महिला अस्पताल के समीप बंजर व उबड़-खाबड़ भूमि को कम लागत में ही खूबसूरत पार्क के रुप में विकसित कर दिया है। वहां मार्निंग वॉक के लिए पैदल पथ भी बनाया गया है। बैठने का समुचित इंतजाम है। सुविधाएं मिलने के बाद सुबह से लेकर देर रात तक पार्क लोगों से गुलजार रहता है। शहर को दो पार्कों क
की सौगात देने के बाद पुरानी तहसील के जर्जर भवन को हटाने के बाद खाली हुई भूमि पर नवीन पार्क का निर्माण कराया जा रहा है। पुरानी तहसील की जमीन पर कई प्रभावशाली लोग शापिंग काम्पलेक्स बनवाने की फिराक में थे लेकिन इससे चंद लोगों को ही लाभ मिलता। डीएम व एडीएम ने बिना किसी दबाव में आए पार्क का निर्माण शुरू करा दिया है। 39 लाख की लागत से बन रहे इस पार्क से नगर चौराहे की भी खूबसूरती बढ़ेगी क्योंकि यह कार्नर पर है। इस पार्क में क्लॉक टावर यानी घंटाघर भी बनेगा। बच्चों के लिए पार्क में झूला और खेलने-कूदने की तमाम संसाधन उपलब्ध रहेंगे। आने वाले दिनों में यह पार्क न केवल शहर की शोभा बढ़ाएगा बल्कि नई पहचान बन कर भी उभरेगा। नगर पालिका परिषद महराजगंज के अधिशासी अधिकारी आलोक कुमार मिश्रा ने बताया कि पुरानी तहसील में पार्क के निर्माण का कार्य प्रारम्भ कर दिया गया है। यह लगभग 39 लाख रुपए की लागत से बनेगा। नगर पालिका क्षेत्र में यह तीसरा पार्क होगा। डीएम सत्येन्द्र कुमार व एडीएम डॉ. पंकज कुमार वर्मा के दिशा निर्देश पर इसे बेहद खूबसूरत बनाया जाएगा। इस पार्क में क्लॉक भी टावर बनाया जाएगा इसके लिए टेंडर निकला जा चुका है।

<