Maharajganj Times

नेपाल की जलप्रलय का असर: नारायणी में बहकर आए चार शव, डीएनए जांच के बाद नेपाल को सौंपे गए

International
Sunday, 30 Aug, 2026
0
257

 

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:-  नेपाल में आई विनाशकारी बाढ़ के बाद नारायणी नदी से बहकर भारतीय सीमा में पहुंचे चार अज्ञात शवों को आखिरकार आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद नेपाल प्रशासन को सौंप दिया गया। तीन महिलाओं और एक पुरुष के शवों का पोस्टमार्टम कराया गया और भविष्य में पहचान सुनिश्चित करने के लिए डीएनए सैंपल भी सुरक्षित रखे गए। निचलौल क्षेत्र के टेलफाल के पास स्थानीय लोगों ने नारायणी (गंडक) नदी में शव बहते देखे थे। इसकी सूचना मिलते ही प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गईं। एसएसबी और एसडीआरएफ की टीम ने रेस्क्यू अभियान चलाकर नदी से चारों शव बाहर निकाले थे। चारों शवों की पहचान नहीं हो सकी थी। ऐसे में प्रशासन ने निर्धारित 72 घंटे तक उनकी पहचान का इंतजार किया। कोई दावा नहीं आने पर शवों का पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम के दौरान डीएनए सैंपल भी सुरक्षित किए गए, ताकि भविष्य में मृतकों के परिजनों द्वारा पहचान का दावा किए जाने पर वैज्ञानिक और कानूनी प्रक्रिया के तहत उनकी पहचान की जा सके। अपर जिलाधिकारी डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि सभी आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद चारों शव देर रात ठूठीबारी बॉर्डर के रास्ते नेपाल पुलिस को सुपुर्द कर दिए गए। इसके बाद शवों को ले जा रही एम्बुलेंस को सुरक्षा व्यवस्था के बीच एस्कॉर्ट करते हुए महेशपुर सशस्त्र प्रहरी पुलिस नवलपरासी लेकर गई।