Maharajganj Times

बेटे की मौत का बदला लेने के लिए बना हैवान, तांत्रिक को मौत के घाट उतार सड़क किनारे फेंकी लाश

अपराध
Wednesday, 20 May, 2026
0
595

 

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- बेटे की मौत को तंत्र-मंत्र से जोड़कर एक व्यक्ति ने ऐसा खौफनाक कदम उठाया, जिसने पूरे इलाके को दहला दिया। महराजगंज पुलिस ने तांत्रिक की हत्या कर शव को सुनसान सड़क किनारे फेंकने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर घटना का सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त लोहे की पाइप भी बरामद कर ली है। पुलिस के अनुसार, गोरखपुर के सहजनवा निवासी राघवेन्द्र सिंह उर्फ जेलर का संपर्क रमाकांत चौहान से था, जो झाड़-फूंक और पूजा-पाठ करता था। आरोपी के बेटे ऋषभ सिंह की फरवरी 2025 में सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। इसके बाद आरोपी ने कई ओझाओं और ज्योतिषाचार्यों से संपर्क किया। आरोपी का दावा है कि उसे बताया गया कि उसके बेटे की मौत के पीछे रमाकांत का तंत्र-मंत्र था। इसी शक ने उसके अंदर बदले की आग भर दी। 1 जून 2025 को आरोपी रमाकांत को पूजा कराने के बहाने कार से अपने साथ ले गया। रास्ते में उसने कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया। देर रात सहजनवा के पास सुनसान इलाके में कार रोककर लोहे की पाइप से रमाकांत के सिर पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपी शव को कार में रखकर बस्ती जिले के सुनसान इलाके में ले गया और सड़क किनारे फेंककर फरार हो गया। जब रमाकांत घर नहीं लौटे तो परिजनों ने तलाश शुरू की। मृतक की पत्नी की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।