Maharajganj Times

हत्या या आत्महत्या? जंगल में फंदे से लटकता मिला शव, जांच में जुटी पुलिस

अपराध
Thursday, 30 Apr, 2026
0
451

 

बभनौली जंगल में मिला अज्ञात महिला का सड़ा-गला शव, 15–20 दिन पुरानी मौत की आशंका

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:-  पनियरा थाना क्षेत्र में एक अज्ञात महिला का शव पेड़ से लटका मिलने से सनसनी फैल गई है। शव की हालत बेहद खराब होने के कारण न सिर्फ पहचान मुश्किल हो गई है, बल्कि मौत के कारणों को लेकर भी संशय बना हुआ है। पनियरा थाना क्षेत्र के बांकी रेंज अंतर्गत बभनौली–परतावल मार्ग के पास स्थित दौलतपुर बीट के जंगल में गुरुवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब एक महिला का शव पेड़ से फंदे के सहारे लटका मिला। शव जंगल के भीतर ईंट भट्ठे से कुछ दूरी पर पाया गया। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष राघवेन्द्र सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है। ग्रामीणों के अनुसार, बुधवार को आए तेज आंधी-तूफान और बारिश के बाद गुरुवार को महिलाएं जंगल में लकड़ी बीनने पहुंची थीं। इसी दौरान कुछ महिलाओं की नजर पेड़ से लटके शव पर पड़ी, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। प्राथमिक जांच में शव काफी पुराना बताया जा रहा है। अनुमान है कि महिला की मौत करीब 15 से 20 दिन पहले हुई होगी। शव का निचला हिस्सा सड़ चुका है, जबकि ऊपरी हिस्सा भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त मिला। हालांकि, महिला के गले में मंगलसूत्र, हाथों में कंगन और लाल चूड़ियां मिलने से उसके विवाहित होने की संभावना जताई जा रही है।फिलहाल शव की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के थानों और गुमशुदगी के मामलों से मिलान कर पहचान कराने की कोशिश कर रही है। यह मामला आत्महत्या है या हत्या कर शव को लटकाया गया है, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही हो सकेगा। थानाध्यक्ष ने बताया कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए गहन जांच जारी है।