Maharajganj Times

जूता पहले पहनने को लेकर हुआ दो भाइयों में विवाद, एक की मौत

अपराध
Monday, 20 Apr, 2026
0
1611

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- घुघली थाना क्षेत्र में एक मामूली विवाद ने दर्दनाक मोड़ ले लिया। जूता पहले पहनने की बात पर शुरू हुआ झगड़ा इतना बढ़ गया कि बड़े भाई ने छोटे भाई पर जानलेवा हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।घुघली थाना क्षेत्र के ग्राम चौमुखा नौका टोला में सोमवार सुबह करीब 10:35 बजे यह सनसनीखेज घटना सामने आई। जानकारी के अनुसार, सूरज शर्मा (16) और उसके छोटे भाई लक्ष्मण शर्मा (15) के बीच ऑनलाइन मंगाए गए जूतों को पहले पहनने को लेकर कहासुनी हो गई। शुरुआत में मामूली विवाद था, लेकिन देखते ही देखते मामला उग्र हो गया। आरोप है कि गुस्से में आकर बड़े भाई सूरज ने पास में रखी कैंची से लक्ष्मण पर हमला कर दिया। उसने सिर और हाथ पर कई वार किए, जिससे लक्ष्मण गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। घटना के बाद परिवार में अफरा-तफरी मच गई और परिजन तत्काल उसे इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घुघली लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए उसे जिला अस्पताल महाराजगंज रेफर कर दिया, लेकिन वहां पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है और पूरे गांव में शोक की लहर है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। थानाध्यक्ष कुंवर गौरव सिंह ने बताया कि फिलहाल किसी भी पक्ष से लिखित तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। इस घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है और लोग हैरान हैं कि एक मामूली बात इतनी बड़ी त्रासदी में कैसे बदल गई।