Maharajganj Times

Maharajganj: इंडो–नेपाल बॉर्डर पर नशे की बड़ी खेप बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार

अपराध
Tuesday, 03 Feb, 2026
0
591

 

 

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- भारत–नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बरगदवा पुलिस और 22वीं वाहिनी एसएसबी की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने सीमा क्षेत्र से दो नशा तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से भारी मात्रा में अवैध नशीले इंजेक्शन बरामद किए हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवार को बरगदवा थानाध्यक्ष शैलेन्द्र शुक्ला के नेतृत्व में बरगदवा पुलिस व 22वीं वाहिनी एसएसबी के जवान संयुक्त रूप से सीमा क्षेत्र में चेकिंग अभियान चला रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ युवक नशीली दवाइयों की तस्करी के इरादे से सीमा पार करने की फिराक में हैं। सूचना के आधार पर संयुक्त टीम ने इंडो–नेपाल बॉर्डर स्थित सीमा स्तम्भ संख्या 509/1 के पास बदह ग्राम चकरार स्थित बैरियर चेकपोस्ट के समीप घेराबंदी कर दो संदिग्ध युवकों को रोक लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से डायजापाम, बुप्रेनोर्फिन और फेनिरामाइन के कुल 150 एम्पुल नशीले इंजेक्शन बरामद किए गए। इसके साथ ही दो मोबाइल फोन, एक मोटरसाइकिल और ₹2250 नकद भी जब्त किया गया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान रौशन गुप्ता (19 वर्ष) निवासी गड़ौरा तथा खालिद (18 वर्ष) निवासी लोहरौली, थाना ठूठीबारी, जनपद महाराजगंज के रूप में हुई है। इस संबंध में थानाध्यक्ष शैलेन्द्र शुक्ला ने बताया कि आरोपितों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में नशीली दवाइयों की तस्करी की आशंका सामने आई है। पुलिस और एसएसबी की इस संयुक्त कार्रवाई से सीमा क्षेत्र में सक्रिय नशा तस्करों में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने साफ किया है कि जनपद में नशा तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी पूरी सख्ती और निरंतरता के साथ जारी रहेगा।

 

 

<