Maharajganj Times

बाढ़ का पानी उतरा तो गांवों को संवारने में जुटा प्रशासन, सोहगीबरवा में युद्धस्तर पर सफाई अभियान

Maharajganj
Friday, 02 Oct, 2026
0
20

 

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- सोहगीबरवा क्षेत्र में बाढ़ का पानी घटने के बाद अब प्रशासन ने गांवों को सामान्य स्थिति में लाने के लिए युद्धस्तर पर अभियान शुरू कर दिया है। जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल के निर्देश पर तीनों प्रभावित ग्राम पंचायतों में सफाई, स्वास्थ्य, पशुधन देखभाल, क्षति आकलन और राहत कार्य एक साथ चलाए जा रहे हैं। एसडीएम निचलौल अवनीश त्रिपाठी लगातार मौके पर पहुंचकर राहत एवं पुनर्स्थापना कार्यों की निगरानी कर रहे हैं। बाढ़ के बाद संक्रमण और जलजनित बीमारियों के खतरे को देखते हुए करीब 70 सफाईकर्मियों को मैदान में उतारा गया है। टीमें सार्वजनिक भवनों, सड़कों, नालियों और बाजार क्षेत्रों की सफाई में जुटी हैं। वहीं एडीओ सहित 9 ग्राम पंचायत सचिव क्षेत्र में कैंप कर व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग की 2 चिकित्सकों समेत 10 सदस्यीय टीम गांवों में कैंप कर लोगों की जांच और उपचार कर रही है। जरूरत के अनुसार दवाओं की उपलब्धता भी सुनिश्चित की जा रही है। पशुधन विभाग की 6 सदस्यीय टीम पशुओं के उपचार और मृत पशुओं के सुरक्षित निस्तारण में जुटी है। बाढ़ से हुई क्षति का वास्तविक आकलन करने के लिए 15 लेखपालों की टीम घर-घर और मौके पर पहुंचकर सर्वे कर रही है। वहीं तीनों ग्राम पंचायतों में कम्युनिटी किचन के जरिए प्रभावित लोगों को भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। प्रशासन का फोकस अब प्रभावित गांवों में स्वच्छता और स्वास्थ्य व्यवस्था मजबूत करने के साथ जल्द से जल्द सामान्य जनजीवन बहाल करने पर है। जिलाधिकारी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय से राहत एवं पुनर्स्थापना कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए हैं।