Maharajganj Times

निचलौल में आपदा संवेदनशील क्षेत्रों का एसडीएम ने किया स्थलीय निरीक्षण, प्रशासन अलर्ट

Maharajganj
Monday, 31 Aug, 2026
0
207

 

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- जिले में संभावित बाढ़ और आपदा की स्थिति को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। रविवार को निचलौल उपजिलाधिकारी अवनीश त्रिपाठी ने तहसील क्षेत्र के आपदा संवेदनशील इलाकों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने चंदन नदी और गंडक नदी से प्रभावित एवं संवेदनशील क्षेत्रों की स्थिति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने स्थानीय ग्रामीणों और संवेदनशील क्षेत्रों में रहने वाले लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याओं और चिंताओं की जानकारी ली। उन्होंने नदियों के जलस्तर, तटवर्ती इलाकों की स्थिति तथा संभावित जलभराव और बाढ़ के प्रभावों का भी आकलन किया। एसडीएम ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य आपदा की स्थिति उत्पन्न होने से पहले सभी आवश्यक तैयारियां पूरी रखना है। इसके लिए स्थानीय स्तर पर राहत, बचाव, सूचना संप्रेषण और त्वरित कार्रवाई की व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है। इसके बाद गंडक नदी से जुड़े अन्य क्षेत्रों का भी निरीक्षण किया गया। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि जलस्तर में वृद्धि की स्थिति पर लगातार नजर रखें और प्रभावित गांवों में समय रहते आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें। एसडीएम अवनीश त्रिपाठी ने आपदा प्रबंधन की दृष्टि से संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय बैठक कर तैयारियों की समीक्षा भी की। प्रशासन ने आम लोगों से सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल प्रशासन को सूचना देने की अपील की है।