Maharajganj Times

गंडक में नेपाल की बाढ़ का खौफनाक असर, तीन शव मिलने से मचा हड़कंप

Maharajganj
Thursday, 27 Aug, 2026
0
811

 

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो :- नेपाल में आई जलप्रलय की भयावह तस्वीर अब गंडक नदी के रास्ते भारतीय क्षेत्र में भी सामने आने लगी है। गुरुवार को निचलौल क्षेत्र के टेलफाल के समीप गंडक नदी में तीन शव उतराते मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना पर एसएसबी, एसडीआरएफ और निचलौल पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और रेस्क्यू अभियान शुरू किया। नदी के तेज बहाव के बीच एसएसबी की रेस्क्यू टीम ने मोटरबोट की मदद से तीनों शवों को बाहर निकालकर सुरक्षित किनारे पहुंचाया। बरामद शवों में दो महिलाओं और एक पुरुष का शव बताया जा रहा है। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि तीनों शव नेपाल में आई भीषण बाढ़ के पानी में बहकर भारतीय क्षेत्र तक पहुंचे हैं। रेस्क्यू के बाद तीनों शवों को एंबुलेंस के जरिए जिला मुख्यालय स्थित मर्चरी हाउस भेजा गया। पुलिस शवों की पहचान कराने के प्रयास में जुटी है। वहीं, नेपाल के अधिकारियों से भी संपर्क कर मृतकों की जानकारी जुटाई जा रही है। एसएसबी इंस्पेक्टर अरुण पांडेय ने बताया कि अब तक गंडक नदी से नेपाल की ओर से बहकर आए तीन शवों को रेस्क्यू किया गया है। नदी में पानी के तेज बहाव को देखते हुए आगे भी शव मिलने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। इधर, जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल और पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने गुरुवार सुबह क्षेत्र का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने सुरक्षा एजेंसियों को नदी और तटीय इलाकों में लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन की नजर जलस्तर और नदी के बहाव पर बनी हुई है।