Maharajganj Times

पेड़ पर चढ़ी नेपाली युवती ने गले में डाला फंदा, नीचे थम गईं सांसें... चौक पुलिस ने सूझबूझ से बचाई जान

Maharajganj
Thursday, 09 Jul, 2026
0
551

 

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:-  चौक थाना क्षेत्र के बजाज एजेंसी के पास गुरुवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब नेपाल निवासी बताई जा रही एक युवती नशे की हालत में सड़क किनारे स्थित आम के पेड़ पर चढ़ गई। कुछ ही देर बाद उसने कपड़े का फंदा बनाकर अपने गले में डाल लिया। यह नजारा देखते ही मौके पर मौजूद लोगों की सांसें थम गईं और देखते ही देखते घटनास्थल पर भारी भीड़ जुट गई। कुछ समय के लिए महराजगंज मार्ग पर यातायात भी प्रभावित रहा। घटना की सूचना मिलते ही चौक थाना प्रभारी मनीष पटेल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने बिना किसी जल्दबाजी के युवती से लगातार बातचीत कर उसे समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह पेड़ से नीचे उतरने को तैयार नहीं हुई। स्थिति गंभीर होती देख नगर पंचायत प्रशासन ने तत्काल स्काई लिफ्टर मंगाई। इसके बाद पुलिस और नगर पंचायत की संयुक्त टीम ने सावधानीपूर्वक रेस्क्यू अभियान चलाया और काफी मशक्कत के बाद युवती को सकुशल नीचे उतार लिया। समय रहते किए गए इस प्रयास से एक बड़ा हादसा टल गया। थाना प्रभारी मनीष पटेल ने बताया कि प्रथम दृष्टया युवती नेपाल की रहने वाली है और नशे की हालत में है। फिलहाल वह कुछ भी स्पष्ट नहीं बता पा रही है कि वह पेड़ पर क्यों चढ़ी थी। उसे सुरक्षित थाने लाकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस उसकी पहचान, परिजनों और घटना के पीछे के कारणों का पता लगाने में जुटी है। आवश्यक विधिक कार्रवाई भी की जा रही है।