ई-रिक्शा घोटाले पर बड़ी कार्रवाई, डीपीआरओ ने किया तत्काल निलंबित
डीपीआरओ की सख्त कार्रवाई, बोले- सरकारी धन के दुरुपयोग पर नहीं होगी कोई रियायत
महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- जिले में वित्तीय अनियमितताओं के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए विकास खंड नौतनवा की ग्राम पंचायत सुकरौली उर्फ अरघा में तैनात तत्कालीन ग्राम पंचायत अधिकारी अवधेश कुमार यादव को निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई जिला पंचायत राज अधिकारी (डीपीआरओ) श्रेया मिश्रा द्वारा जारी आदेश के तहत की गई है। जानकारी के अनुसार, स्वच्छ भारत मिशन (एसएलडब्ल्यूएम) योजना के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2024-25 में ई-रिक्शा खरीद के नाम पर 4 सितंबर 2024 को पीएफएमएस पोर्टल के माध्यम से ₹1.35 लाख का भुगतान किया गया था। हालांकि, 5 जून 2026 को हुए निरीक्षण के दौरान मौके पर कोई ई-रिक्शा नहीं मिला। जांच में यह तथ्य सामने आया कि भुगतान तो कर दिया गया, लेकिन ई-रिक्शा की खरीद ही नहीं की गई। प्राथमिक जांच में सरकारी धन के दुरुपयोग और वित्तीय अनियमितता के आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए जाने पर डीपीआरओ ने अवधेश कुमार यादव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। निलंबन अवधि के दौरान उन्हें सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) लक्ष्मीपुर कार्यालय से संबद्ध किया गया है। मामले की विस्तृत जांच के लिए सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) लक्ष्मीपुर को जांच अधिकारी नामित किया गया है। उन्हें आरोप पत्र तैयार कर निर्धारित समय में रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। डीपीआरओ श्रेया मिश्रा ने कहा, “सरकारी धन के दुरुपयोग और वित्तीय अनियमितताओं के मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही या भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।” इस कार्रवाई के बाद पंचायत विभाग में हड़कंप मच गया है और अन्य कर्मचारियों में भी जवाबदेही को लेकर सतर्कता बढ़ी है।