Maharajganj Times

एनसीसी कैडेट्स ने विश्व पर्यावरण दिवस पर चलाया ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान

Maharajganj
Friday, 05 Jun, 2026
0
61

 

पं. दीनदयाल इंटर कॉलेज में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश, हरित भविष्य के लिए लिया संकल्प

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पं. दीनदयाल इंटर कॉलेज, महराजगंज में 102 यूपी बटालियन एनसीसी, गोरखपुर के तत्वावधान में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान एनसीसी कैडेट्स ने “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण और प्रकृति संवर्धन का संदेश दिया। विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में कैडेट्स अंकिता चौधरी, लवली, खुशबू, आंचल, माधुरी, महक, काजल, मयंक, अर्जुन, समीर, शिवम, विनीत और आकर्ष ने विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए। इस दौरान सभी कैडेट्स ने पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण का संकल्प भी लिया। कैडेट्स ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है और प्रत्येक व्यक्ति को अपनी माँ के सम्मान तथा प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी निभाने के लिए कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विद्यालय प्रशासन एवं एनसीसी अधिकारी राकेश कुमार साहनी ने कैडेट्स के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण केवल एक अभियान नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ वातावरण और हरित भविष्य सुनिश्चित करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनके संरक्षण की जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम का समापन पर्यावरण संरक्षण की शपथ के साथ हुआ। इस दौरान उपस्थित सभी लोगों ने पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण और पौधों की देखभाल का संकल्प लेते हुए हरित एवं स्वच्छ भारत के निर्माण में योगदान देने का संकल्प दोहराया।