Maharajganj Times

“पहले कब्रिस्तानों की बाउंड्रीवाल पर खर्च होता था पैसा, अब धार्मिक स्थलों के विकास में लग रहा” — मुख्यमंत्री योगी

Maharajganj
Friday, 15 May, 2026
0
656

 

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- जिले के भारत-नेपाल सीमा से सटे नौतनवा विधानसभा क्षेत्र में शुक्रवार को मुख्यमंत्री Yogi Adityanath ने जनसभा को संबोधित करते हुए विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। इस दौरान उन्होंने कहा कि पहले सरकारों में धनराशि कब्रिस्तानों की बाउंड्रीवाल पर खर्च होती थी, लेकिन अब वही पैसा धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों के विकास, मंदिरों के सुंदरीकरण और जनता की सुविधाओं पर लगाया जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ स्थानीय विधायक ऋषि त्रिपाठी के नव निर्मित आवास पर आयोजित गृहभोज एवं सुंदरकांड कार्यक्रम में शामिल होने के बाद जनसभा स्थल पहुंचे। सभा में बड़ी संख्या में मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि नौतनवा विधानसभा क्षेत्र ने भाजपा को जो समर्थन दिया, उसी का परिणाम है कि आज क्षेत्र में तेजी से विकास कार्य हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि विधायक और सांसद द्वारा भेजे गए विकास प्रस्तावों को सरकार प्राथमिकता के आधार पर मंजूरी दे रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश की स्थिति बदहाल थी। इंसेफ्लाइटिस जैसी बीमारी से बच्चों की मौत होती थी, कानून व्यवस्था कमजोर थी और महिलाएं खुद को असुरक्षित महसूस करती थीं। उन्होंने दावा किया कि डबल इंजन सरकार ने प्रदेश में सुरक्षा और विकास दोनों को मजबूत किया है। महराजगंज में मेडिकल कॉलेज जैसी बड़ी सुविधाएं भी इसी सोच का परिणाम हैं। इस दौरान मुख्यमंत्री ने महराजगंज जनपद को 208 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 79 विकास परियोजनाओं की सौगात दी। उन्होंने विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया। कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री दयाशंकर मिश्र, भाजपा जिलाध्यक्ष संजय पांडेय सहित कई जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।