Maharajganj Times

जिलाधिकारी के सामने विभागीय योजनाओं का होगा प्रेजेंटेशन, कृषि सेक्टर से होगी शुरुआत

Maharajganj
Tuesday, 12 May, 2026
0
396

 

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- जिले में विकास योजनाओं की प्रगति और संभावनाओं की समीक्षा अब नए अंदाज में होगी। जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल के निर्देश पर विभिन्न विभागों के अधिकारी क्रमवार प्रेजेंटेशन प्रस्तुत करेंगे। इसमें विभागीय योजनाओं की वर्तमान स्थिति, उपलब्धियां, चुनौतियां और जिले में भविष्य की संभावनाओं का विस्तृत ब्यौरा रखा जाएगा। जानकारी के अनुसार, सबसे पहला प्रेजेंटेशन कृषि एवं उससे जुड़े संबंधित सेक्टरों का होगा। इसमें कृषि विभाग के साथ उद्यान, पशुपालन, मत्स्य, दुग्ध विकास और अन्य संबद्ध विभाग अपनी योजनाओं और कार्यों का प्रस्तुतीकरण करेंगे। अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे विभागीय योजनाओं की वास्तविक प्रगति, लाभार्थियों की संख्या, जमीन पर हुए कार्यों और आने वाले समय की कार्ययोजना को तथ्यात्मक ढंग से प्रस्तुत करें। जिलाधिकारी के समक्ष होने वाले इन प्रेजेंटेशन का उद्देश्य केवल समीक्षा करना नहीं, बल्कि विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना और जिले में विकास की नई संभावनाओं को तलाशना भी है। माना जा रहा है कि इससे योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी आएगी और अधिकारियों की जवाबदेही भी तय होगी।जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने कहा कि सभी विभाग अपनी योजनाओं और उपलब्धियों को स्पष्ट रूप से प्रस्तुत करें। उन्होंने कहा कि “प्रेजेंटेशन का उद्देश्य योजनाओं की प्रगति को समझना, कमियों की पहचान करना और जिले के समग्र विकास के लिए नई संभावनाओं पर कार्य करना है। कृषि और संबंधित सेक्टर महराजगंज की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं, इसलिए इसकी शुरुआत कृषि क्षेत्र से की जा रही है।”