Maharajganj Times

नेपाल चुनाव को लेकर भारत–नेपाल सीमा पर सख्ती, 2 मार्च मध्यरात्रि से सामान्य आवागमन बंद

Maharajganj
Sunday, 01 Mar, 2026
0
104

 

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- नेपाल में प्रस्तावित आगामी प्रतिनिधि सभा चुनाव के मद्देनज़र भारत–नेपाल सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने के उद्देश्य से भारत–नेपाल समन्वय समिति की बैठक 22वीं बटालियन, सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के कैंप कार्यालय में संपन्न हुई। बैठक में सीमावर्ती क्षेत्रों में विशेष निगरानी, संयुक्त गश्त और खुफिया सूचनाओं के आदान-प्रदान को और प्रभावी बनाने पर विस्तृत चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने नेपाल से भारत आने वाले प्रमुख मार्गों के साथ-साथ ग्रामीण पगडंडियों पर भी सतर्क निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने एसएसबी, पुलिस और अन्य संबंधित विभागों को अराजक तत्वों की आवाजाही पर नियंत्रण सुनिश्चित करने के लिए नेपाली प्रशासन के साथ समन्वय बढ़ाने को कहा। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि चुनाव अवधि में सीमा क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अवांछित गतिविधि को रोकने के लिए संयुक्त रूप से कार्रवाई की जाएगी। नेपाली प्रशासन के अनुरोध पर 02 मार्च की मध्य रात्रि से भारत–नेपाल सीमा पर सामान्य आवागमन अस्थायी रूप से बंद रखने पर सहमति बनी। हालांकि, इस अवधि में एंबुलेंस, पेट्रोलियम पदार्थ, एलपीजी तथा अन्य आवश्यक और आपातकालीन सेवाओं का परिवहन दोनों देशों के प्रशासनिक समन्वय से जारी रहेगा। जिलाधिकारी ने नेपाल के अधिकारियों को आश्वस्त किया कि चुनाव शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने में भारत की ओर से हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाएगा। बैठक में सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने और असामाजिक तत्वों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उपायों पर भी सहमति बनी। बैठक में पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीना सहित भारत और नेपाल के वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।