Maharajganj Times

साहब! अपने ही घर में दाने-दाने को मोहताज हूं...बहू की प्रताड़ना की कहानी सुन एसपी ने थानेदार को लगाया फोन

Maharajganj
Friday, 13 Feb, 2026
0
1047

पुलिस कार्यालय में एसपी के पास फरियाद लेकर पहुंची श्यामदेउरवा क्षेत्र की बुजुर्ग महिला

-सुनवाई के बाद एसपी ने दिया आश्वासन, बोले माता जी घर जाइए, अब बहू नहीं करेगी परेशान

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- बुजुर्ग माता-पिता के लिए उनकी संतान और परिवार ही बुढ़ापे की लाठी होते हैं, लेकिन जब वही लाठी प्रहार करने लगे तो जीवन दूभर हो जाता है। कुछ ऐसा ही मामला शुक्रवार को पुलिस कार्यालय में देखने को मिला, जहां एक वृद्ध महिला अपनी व्यथा लेकर एसपी सोमेंद्र मीना के पास पहुंची। महिला की आपबीती सुनकर वहां मौजूद हर शख्स भावुक हो गया।

बहू ने छीना निवाला: राशन कार्ड तक रख लिया पास

श्यामदेउरवा क्षेत्र की रहने वाली पीड़ित बुजुर्ग महिला ने एसपी को बताया कि वह अपने ही घर में अन्न के लिए मोहताज हो गई है। महिला का आरोप है कि उसकी बहू उसका लगातार मानसिक व शारीरिक उत्पीड़न कर रही है। क्रूरता की हद तो तब हो गई जब बहू ने बुजुर्ग महिला का राशन कार्ड भी अपने कब्जे में ले लिया। कार्ड न होने की वजह से कोटेदार ने राशन देने से मना कर दिया, जिससे वृद्ध महिला के सामने भुखमरी की स्थिति पैदा हो गई है। एसपी से बुजुर्ग महिला बताई कि साहब! बहू परेशान करती है, खाने को दाना नहीं है। मेरा राशन कार्ड भी छीन लिया है। इससे सरकारी गल्ला भी नहीं मिल रहा है। वृद्ध महिला की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एसपी सोमेंद्र मीना ने तत्काल श्यामदेउरवा थानाध्यक्ष को फोन लगाया। निर्देशित किया कि बुजुर्ग महिला की समस्या का तुरंत समाधान किया जाए। एसपी ने महिला को ढांढस बंधाते हुए कहा कि माता जी आप इत्मीनान से घर जाइए। कानून आपके साथ है। अब आपकी बहू आपको परेशान नहीं कर पाएगी।

जनसुनवाई में एसपी ने हर शिकायत पर कार्रवाई का फीडबैक लेने का दिया निर्देश

शुक्रवार को आयोजित जनसुनवाई में दो दर्जन से अधिक फरियादी अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे थे। एसपी सोमेंद्र मीना ने एक-एक कर सभी की फाइलें देखीं और संबंधित थाना प्रभारियों को गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। कहा कि जो मामले थाने में सुलझ सकते हैं, उनके लिए पीड़ितों को जिला मुख्यालय न दौड़ना पड़े। महिला संबंधी अपराधों व शिकायतों पर महिला हेल्पडेस्क को अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिया। जनसुनवाई सेल को निर्देशित किया गया कि वे कार्रवाई की स्थिति पर पीड़ितों से फीडबैक लें। जनता दर्शन में एसपी ने दो टूक में कहा कि जन शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जनपद के सभी राजपत्रित अधिकारियों व थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में समयबद्ध व न्यायोचित तरीके से जन समस्याओं का निस्तारण सुनिश्चित करें।

<