Maharajganj Times

Maharajganj : राष्ट्रीय आविष्कार अभियान के तहत बीआरसी सदर में क्विज प्रतियोगिता, 55 स्कूलों के 165 छात्र शामिल

Maharajganj
Thursday, 05 Feb, 2026
0
124

 

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- राष्ट्रीय आविष्कार अभियान कार्यक्रम के अंतर्गत गुरुवार को विकास क्षेत्र सदर में बीआरसी सदर परिसर पर क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में क्षेत्र के कुल 55 पूर्व माध्यमिक विद्यालयों के 165 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। लिखित परीक्षा एवं क्विज के संयुक्त मूल्यांकन के आधार पर 5 उत्कृष्ट छात्रों का चयन जनपद स्तर की प्रतियोगिता के लिए किया गया। प्रतियोगिता में अंशिका गुप्ता (भावचक) ने प्रथम रैंक प्राप्त की, जबकि बॉबी पासवान (बड़हरा राजा) को द्वितीय स्थान मिला। कसक (सोनरा), शिवम गुप्ता (महराजगंज) और दयाशंकर (चेहरी) को तृतीय से पंचम रैंक प्राप्त हुई। इसके अतिरिक्त 20 अन्य छात्रों को भी उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए पुरस्कृत किया गया। विजेता छात्रों के साथ सभी प्रतिभागी छात्रों को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किए गए। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि डायट प्रवक्ता एवं सदर ब्लॉक मेंटर पूजा चौधरी ने कहा कि राष्ट्रीय आविष्कार अभियान छात्रों में विज्ञान और गणित के प्रति रुचि पैदा करता है तथा वैज्ञानिक सोच विकसित कर स्कूलों में अन्वेषण की संस्कृति को बढ़ावा देता है। खंड शिक्षा अधिकारी सदर सुदामा ने कहा कि यह कार्यक्रम बच्चों के भीतर वैज्ञानिक दृष्टिकोण को और अधिक सुदृढ़ करेगा। विज्ञान विषय के एआरपी अंभोज मिश्र ने बताया कि अभियान के अंतर्गत स्कूलों में विज्ञान क्लबों की स्थापना, मेंटरशिप और एक्सपोजर विजिट के माध्यम से छात्रों को वैज्ञानिक संस्थानों व प्रयोगशालाओं का भ्रमण कराया जाएगा। कार्यक्रम का सफल संचालन एआरपी पंकज कुमार मौर्य ने किया। इस अवसर पर सभी पूर्व माध्यमिक विद्यालयों के प्रभारी, शिक्षकगण एवं निर्णायक मंडल उपस्थित रहा।