Maharajganj Times

महराजगंज में प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के प्रथम आगमन पर ऐतिहासिक स्वागत की तैयारी, भाजपा कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह

Maharajganj
Tuesday, 06 Jan, 2026
0
393

 

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो: जनपद के सांसद एवं केंद्र सरकार में केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी के भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद उनके प्रथम महराजगंज आगमन को लेकर जिले भर में उत्साह चरम पर है। भाजपा कार्यकर्ताओं में जबरदस्त जोश और उल्लास देखने को मिल रहा है। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक स्वागत की तैयारियां युद्धस्तर पर चल रही हैं। भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा शहर के प्रमुख चौराहों, मुख्य सड़कों और बिजली के खंभों पर प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के स्वागत में पोस्टर और बैनर लगाए गए हैं। पूरे जिले में “स्वागत है प्रदेश अध्यक्ष” के नारों से माहौल पूरी तरह भाजपा मय हो गया है। कार्यकर्ताओं का कहना है कि यह महराजगंज जनपद के लिए गर्व का विषय है कि जिले का सांसद प्रदेश संगठन की कमान संभाल रहा है। भाजपा जिला अध्यक्ष संजय पांडेय ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी 6 जनवरी को महराजगंज पहुंचेंगे। जिले की सीमा कतरारी बॉर्डर से ही उनका भव्य स्वागत शुरू किया जाएगा। इसके बाद परतावल चौराहा, छपिया, धरमपुर, भीटौली, सेमरा और शिकारपुर सहित विभिन्न स्थानों पर भाजपा कार्यकर्ता फूल-मालाओं और नारों के साथ उनका अभिनंदन करेंगे। प्रदेश अध्यक्ष का काफिला भाजपा जिला कार्यालय पहुंचेगा, जहां भव्य स्वागत समारोह का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर जिले के सभी विधायक, पार्टी पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहेंगे। जिला कार्यालय पर प्रदेश अध्यक्ष कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर संगठन को मजबूत करने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी देंगे। रात्रि विश्राम के पश्चात 7 जनवरी को वे फरेंदा विधानसभा क्षेत्र होते हुए आगे के कार्यक्रम के लिए प्रस्थान करेंगे।

<