Maharajganj Times

शीतलहर में प्रशासन मुस्तैद: जिलाधिकारी ने फरेन्दा में रात्रिकालीन निरीक्षण कर बुजुर्गों को बांटे कंबल

Maharajganj
Thursday, 18 Dec, 2025
0
100

 

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- गुरुवार को शीतलहर के प्रकोप को देखते हुए जिलाधिकारी सन्तोष कुमार शर्मा ने रात्रि फरेन्दा नगर का भ्रमण कर ठंड से बचाव की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान नगर के विभिन्न चौराहों पर अलाव जलाने की स्थिति का जायजा लिया गया। निरीक्षण में मेन चौराहा एवं पुलिस चौकी सहित प्रमुख स्थानों पर अलाव जलते पाए गए।निरीक्षण से पूर्व महराजगंज–फरेन्दा मार्ग पर रामनगर में ठंड से ठिठुरते एक बुजुर्ग को सड़क किनारे बैठा देख जिलाधिकारी ने तत्काल वाहन रुकवाया। उन्होंने स्वयं बुजुर्ग के पास पहुंचकर उनका हालचाल जाना और कंबल ओढ़ाकर ठंड से राहत दिलाई। इसके बाद जिलाधिकारी आनंद नगर रेलवे स्टेशन पहुंचे, जहां जरूरतमंद बुजुर्ग महिला व पुरुषों को कंबल वितरित किए गए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सार्वजनिक स्थानों पर निराश्रित व्यक्तियों को चिन्हित कर तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जाए।जिलाधिकारी ने नगर पंचायत फरेन्दा स्थित रैन बसेरा का भी निरीक्षण किया, जहां रात्रि विश्राम करने वाले व्यक्तियों के लिए ठंड से बचाव की सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध पाई गईं। इस अवसर पर फरेन्दा उपजिलाधिकारी शैलेंद्र गौतम सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।