Maharajganj Times

महराजगंज महोत्सव में पहली बार होगा मनोहर कुमार का साइंस शो — पानी में जलेगी आग, संगीत पर नाचेगी लपटें

Maharajganj
Thursday, 30 Oct, 2025
0
896

 

IIT BHU के रिसर्चर मनोहर कुमार देंगे विज्ञान को नया अंदाज़, मनोरंजक प्रयोगों से जगाएंगे छात्रों में जिज्ञासा

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- महराजगंज महोत्सव में इस बार कुछ खास और अनोखा देखने को मिलेगा। जिले में पहली बार साइंस शो का आयोजन होने जा रहा है, जिसमें विज्ञान को मनोरंजन के रूप में प्रस्तुत किया जाएगा। यह शो 1 नवंबर को आयोजित होगा, जिसे IIT BHU वाराणसी के रिसर्चर मनोहर कुमार प्रस्तुत करेंगे।मनोहर कुमार की संस्था IRO (Innovative Research Organization) पूरे भारत में विज्ञान के प्रति जागरूकता फैलाने का कार्य कर रही है। उनका उद्देश्य है कि छात्रों और आम जनता में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित हो सके। शो के दौरान कई रोमांचक और चमत्कारिक प्रयोग किए जाएंगे जैसे— पानी में आग जलाना, विभिन्न गैसों से बादल बनाना, रंग बदलने वाले रासायनिक प्रयोग, आग को संगीत की धुन पर नाचाना, और हीलियम व सल्फर हेक्साफ्लोराइड गैस के जरिए आवाज़ बदलना। इन प्रयोगों से छात्रों में विज्ञान के प्रति नई जिज्ञासा उत्पन्न होगी और उन्हें विज्ञान केवल एक विषय नहीं, बल्कि जीवन का हिस्सा महसूस होगा। मनोहर कुमार की संस्था IRO "ब्रेन मैपिंग" तकनीक पर भी काम कर रही है, जिससे बच्चों की उंगलियों के निशान के आधार पर यह पता लगाया जा सकता है कि उनका दिमाग किस क्षेत्र में अधिक सक्रिय है — यानी वे भविष्य में किस फील्ड में बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं। अब तक मनोहर कुमार देश के 20 राज्यों में 200 से अधिक साइंस शो कर चुके हैं। महराजगंज में यह उनका पहला शो होगा, जो न केवल मनोरंजक बल्कि शिक्षाप्रद भी होगा। महराजगंज महोत्सव के दौरान यह शो जिले के छात्रों और विज्ञान प्रेमियों के लिए किसी अनूठे अनुभव से कम नहीं होगा।

<