Maharajganj Times

Maharajganj :- रोहिणी बैराज डैम से किसानों को बड़ी सौगात, सीएम योगी 5 अप्रैल को करेंगे उद्घाटन

Maharajganj
Monday, 31 Mar, 2025
0
2387

 

 

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो : जिले के नौतनवा तहसील क्षेत्र में 148 करोड़ रुपये की लागत से बने रोहिणी बैराज डैम का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। इस डैम के बनने से क्षेत्र के 65 से अधिक गांवों के 16,000 से अधिक किसानों को सिंचाई की सुविधा मिलेगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 5 अप्रैल को इस महत्वपूर्ण परियोजना का उद्घाटन कर सकते हैं। रोहिणी बैराज डैम का निर्माण वर्ष 2021 में शुरू हुआ था, और अब इसका कार्य अंतिम चरण में है। यह बैराज 122 किलोमीटर लंबी रोहिणी नदी पर बनाया गया है, जिससे 8,800 हेक्टेयर भूमि की सिंचाई संभव होगी। खास बात यह है कि यह बैराज नेपाल से आने वाले बारिश के पानी को संचित करने में भी सक्षम होगा, जिससे बाढ़ की समस्या पर नियंत्रण पाया जा सकेगा और जल संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा। इस डैम के निर्माण से गर्मी के मौसम में सूखे की समस्या से परेशान किसानों को बड़ी राहत मिलेगी। किसानों को अब अपने खेतों के लिए पर्याप्त पानी मिलेगा, जिससे उनकी फसल उत्पादन क्षमता बढ़ेगी और उनकी आय में भी इजाफा होगा। बैराज के उद्घाटन से पहले जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक और नौतनवा विधायक ऋषि त्रिपाठी ने स्थल का निरीक्षण किया। विधायक ने कहा कि यह परियोजना क्षेत्र के किसानों के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि है और इससे उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव आएगा। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का धन्यवाद किया और कहा कि उनकी सरकार ने इस महत्वपूर्ण मांग को पूरा कर किसानों को बड़ी राहत दी है। रोहिणी बैराज डैम के उद्घाटन को लेकर प्रशासनिक तैयारियां जोरों पर हैं। इस परियोजना के पूरा होने से क्षेत्र में जल संकट काफी हद तक दूर होगा और किसानों की खुशहाली में वृद्धि होगी।

 

<