Maharajganj Times

Maharajganj News: नई नवेली दुल्हन लाखों का जेवर लेकर साथी संग हुई फरार, पुलिस मुकदमा दर्ज का लुटेरी दुल्हन की तलाश में जुटी

Maharajganj
Thursday, 13 Feb, 2025
0
3784

 

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:-  जिले में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक नवविवाहित दुल्हन शादी के सिर्फ सात दिन बाद ही अपने पति और परिवार को धोखा देकर फरार हो गई। इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है और यह चर्चा का विषय बन गई है।

धूमधाम से हुई शादी, लेकिन कुछ ही दिनों में उजड़ गया दूल्हे का घर

जानकारी के अनुसार, घुघली थाना क्षेत्र के रामपुर बाल्डीहा गांव के रहने वाले दीपक गुप्ता की शादी 7 फरवरी को कोठीभार थाना क्षेत्र की रहने वाली मनीषा से हुई थी। शादी बड़ी धूमधाम से संपन्न हुई थी और परिवार में खुशियों का माहौल था। लेकिन 10 फरवरी को जब दुल्हन की विदाई हुई और वह ससुराल पहुंची, तब किसी को नहीं पता था कि यह खुशी कुछ ही दिनों की मेहमान है।

मौका पाकर की लाखों के जेवर और नकदी की चोरी

11 फरवरी को जब घर के सदस्य रिश्तेदारों को भोजन खिला रहे थे, उसी दौरान दुल्हन ने घर में रखे शादी के जेवर, नकदी और अपनी ननद के लाखों के जेवर चुपचाप समेट लिए और मौके से फरार हो गई। जब परिवार के लोगों ने दुल्हन को खोजने की कोशिश की, तो उसके गायब होने की खबर से सभी के होश उड़ गए।

दूल्हे ने पुलिस से लगाई न्याय की गुहार

धोखा खाने के बाद पीड़ित दूल्हे दीपक गुप्ता ने घुघली थाने में जाकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज कर लिया और लुटेरी दुल्हन की तलाश शुरू कर दी।

पुलिस का कहना है कि जल्द ही लुटेरी दुल्हन को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए हर संभव प्रयास किया जा रहा है। वहीं, इस घटना के बाद इलाके में हलचल मची हुई है।

<