Maharajganj Times

रामग्राम में भगवान बुद्ध के 8वें अस्थि स्तूप की तलाश, केंद्रीय मंत्री ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ किया उत्खनन का शुभारंभ

Maharajganj
Monday, 18 Nov, 2024
0
1350

 

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:-  ऐतिहासिक धरोहर और भगवान बुद्ध के 8वें अस्थि स्तूप की खोज के लिए रामग्राम में उत्खनन कार्य का सोमवार को केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने वैदिक मंत्रोच्चार और धम्म पाठ के बीच शुभारंभ किया। यह खुदाई सोहगीबरवा वन्यजीव प्रभाग के जंगल में स्थित कन्हैया बाबा स्थान पर की जा रही है। इस मौके पर भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) की 15 सदस्यीय टीम, डॉ. आफताब हुसैन के नेतृत्व में मौजूद रही। केंद्रीय मंत्री ने इसे ऐतिहासिक दिन बताते हुए कहा कि प्रमाणिकता स्थापित होने पर यह क्षेत्र पर्यटन और विकास का केंद्र बनेगा। उन्होंने बताया कि महराजगंज भगवान बुद्ध के नाना महाराज अंजन की धरती है और इसका भगवान बुद्ध के ननिहाल और ससुराल दोनों से ऐतिहासिक संबंध है। मंत्री ने कहा कि भगवान बुद्ध के महापरिनिर्वाण के बाद उनकी अस्थियां आठ भागों में बांटी गई थीं, जिनमें से रामग्राम स्तूप की पहचान के प्रयास में यह खुदाई ऐतिहासिक महत्व रखती है। उन्होंने इसे क्षेत्र के गौरव और विश्व पर्यटन के लिए बड़ी संभावना बताते हुए शोध की आवश्यकता पर जोर दिया। यह प्रायोगिक उत्खनन हजारों साल पुराने इतिहास को प्रमाणित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। जनपदवासियों में इसे लेकर खासा उत्साह देखा गया।