Maharajganj Times

जिले को मिली हाईटेक कैमरे वाली गाड़ी ,कमरे में बैठे ही पुलिस अधीक्षक देख सकेंगे घटनास्थल की लाइव फुटेज

Maharajganj
Friday, 14 Jun, 2024
0
1780


महराजगंज टाइम्स ब्यूरो :- अपराधियों और अपराध पर बेहतर नियंत्रण के लिए शासन द्वारा जिला पुलिस को 9 स्कॉर्पियो और तीन पल्सर बाइक प्रदान की गई है।इन वाहनों के मिलने से महराजगंज पुलिस की डायल-112 सेवा और अधिक मजबूत हो गई है।जनपद में डायल-112 के 28 वाहन पहले से ही शहर व देहात में सेवाए दे रही हैं। शासन द्वारा उपलब्ध कराए गए वाहनों में से एक वाहन हाईटेक कैमरे से लैस है। यह वाहन घटनास्थल पर पहुंच कर करीब दो किमी की दूरी तक  रिकॉर्डिंग कर सकेगी। यह रिकॉर्डिंग डाटा एक माह के लिए सुरक्षित रहेगा। इस सुविधा के बाद पुलिस को सही अपराधियों तक पहुंचने और घटनाओं के खुलासे में मदद मिलेगी। एसपी सोमेंद्र मीना ने बताया की जिला पुलिस को 9 स्कॉर्पियो और तीन बजाज पल्सर बाइक मिलने से पुलिस की पेट्रोलिंग को और मजबूती मिलेगी।इनमें से एक स्कॉर्पियो वाहन आधुनिक सुविधा एवं कैमरे से लैस है।यह 360 डिग्री तक स्थल का निरीक्षण करने एवं उसे कैद करने में सक्षम है।यह वाहन थाना क्षेत्र के संवेदनशील स्थानों पर तैनात रहेगी  ताकि अपराध की हर गतिविधि को कैद कर सके। डायल-112 के जिला प्रभारी अजीत शुक्ला ने बताया कि शासन ने जनपद में डायल-112 सेवा को और अधिक बेहतर बनाया है। इसी के चलते शासन ने 9 स्कॉर्पियो गाड़ी व तीन बाइक जनपद के लिए भेजी है।  उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी पर सबसे पहले डायल-112 सेवा ही पहुंचती है। ऐसे में वहां की गतिविधियों को मोबाइल में रिकॉर्ड करना पड़ता था। इस दौरान पुलिस जोखिम भी उठाती थी।उन्होंने कहा कि डायल-112 सेवा को यह कैमरा लैस गाड़ियां देकर पुलिस के कार्य को सुगम कर दिया है। एक माह तक सुरक्षित रहने वाली रिकॉर्डिंग के माध्यम से पुलिस सही अपराधियों को पकड़ सकेगी।

<