Maharajganj Times

नन्हीं परी शनिवार को अयोध्या में करेगी नृत्य की प्रस्तुति, संस्कृति विभाग से आया निमंत्रण

Maharajganj
Friday, 26 Jan, 2024
0
1506


महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- नृत्य की तमाम विधाओं में पारंगत व कत्थक में विश्व कीर्तिमान बनाने वाली सिसवा की परी अग्रवाल 27 जनवरी को अयोध्या में श्रीराम कथा पार्क में प्रस्तुति देगी। इसके लिए उसको संस्कृति विभाग से निमंत्रण आया है। सिसवा कस्बे के चित्रगुप्त नगर वार्ड निवासी मोहित अग्रवाल की छह वर्षीय पुत्री परी अग्रवाल मलवरी कॉन्वेंट स्कूल की छात्रा है। महज़ छह वर्ष की उम्र में परी सिसवा महोत्सव, महराजगंज महोत्सव, गोरखपुर महोत्सव, लखनऊ महोत्सव सहित प्रदेश के कई मंचों पर नृत्य की प्रस्तुति दे चुकी है। इसके अलावा विगत वर्ष 3 फरवरी को लखनऊ महोत्सव में कत्थक की प्रस्तुति के दौरान परी ने 60 सेकेंड में कत्थक का 80 चक्कर लगाकर विश्व कीर्तिमान बनाया था। यह कीर्तिमान इंटरनेशनल बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में दर्ज हो चुका है। कम उम्र में अपनी प्रतिभा से पहचान बनाने वाली परी को अयोध्या के श्रीराम कथा पार्क में प्रस्तुति देने हेतु संस्कृति विभाग से निमंत्रण आया है। परी की माता ई. स्तुति अग्रवाल ने बताया कि संस्कृति विभाग के बुलावे पर 27 जनवरी को सांय 5 बजे परी अपनी प्रस्तुति देगी। उन्होंने बताया कि अयोध्या में परी की प्रस्तुति हेतु केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी का विशेष योगदान है। नन्हीं परी का कहना है कि अयोध्या में प्रस्तुति देने का क्षण उसके जीवन के अनमोल क्षणों में से एक होगा।