Maharajganj Times

अयोध्या में प्राण प्रतिष्ठा से भगवामय हुआ जिला, जय श्रीराम के जयघोष से गूंजा महराजगंज, केंद्रीय मंत्री, डीएम व एसपी ने नगर में दीप जलाकर मनाई खुशियां

Maharajganj
Monday, 22 Jan, 2024
0
795


महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- अयोध्या में श्री रामलला प्राण प्रतिष्ठा समारोह को जिले में उत्सव के रूप में मनाया। भव्य शोभा यात्रा व दीपोत्सव ने दिवाली का एहसास कराया। जय श्रीराम के जयघोष से पूरा जिला गूंज उठा। मिनी गोरखनाथ मंदिर चौक समेत कई प्रमुख मंदिरों में अयोध्या में प्राण प्रतिष्ठा के कार्यक्रम का लाइव प्रसारण एलईडी स्क्रीन पर दिखाया गया। अयोध्या में प्रधानमंत्री द्वारा भगवान श्रीराम लला जैसे ही प्राण प्रतिष्ठा की गई वैसे ही उपस्थित जनसमुदाय द्वारा जय श्रीराम के  उद्घोष से पूरा  मंदिर परिसर गूंज उठा। पूरे परिसर में घंट, शंख और ढोल–नगाड़ों से वातावरण गुंजायमान हो गया।  जिलाधिकारी अनुनय झा, पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा और अपर जिलाधिकारी डॉक्टर पंकज कुमार वर्मा ने भी  पूजन अर्चन किया। जिलाधिकारी ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ पूरे कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा और प्रसाद वितरण भी किया। राम, सीता, लक्ष्मण और हनुमान के रूप में बाल कलाकारों का स्वागत किया। उपस्थित लोगों ने कलाकारों पर पुष्पवर्षा कर भगवान राम के प्रति अपनी श्रद्धा को व्यक्त किया। इसके उपरांत जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने बाबा गोरखनाथ मंदिर में दर्शन कर पूजन दर्शन किया और सभी के कल्याण हेतु मंगल कामना की। 

नगर में निकाला गई शोभायात्रा, भक्ति में झूम उठे लोग 

श्रीराम लला की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर नगर में शोभायात्रा निकाली गई ।इस दौरान पूरा नगर जय श्रीराम के नारे से गुंजायमान हो गया। नगर पालिका द्वारा नगर में सात हजार दीप जलाए गए। नगर तिराहा से मुख्यालय तक सड़क दीप से जगमग था नगर के बलिया नाला छठ घाट पर केंद्रीय राज्य मंत्री पंकज चौधरी, डीएम अनुन झा व एसपी  सोमेंद्र मीना और एडीएम डॉ पंकज वर्मा, नगर पालिका अध्यक्ष पुष्प लता मंगल समेत तमाम अधिकारियों  और नेताओ द्वारा दीप जलाया गया इससे दिवाली जैसा नजारा देखने को मिला। लोगों ने पटाखा फोड़ खुशियां ज़ाहिर की। इस दौरान जिले में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रही। एसपी सोमेंद्र मीना सुरक्षा व्यवस्था का पल पल का अपडेट लेते रहे। कहीं किसी अप्रिय घटना की सूचना नही मिली।


        

<