Maharajganj Times

बढ़ते तापमान के बीच प्रशासन का फैसला, स्कूल टाइमिंग में बड़ा बदलाव

Education
Monday, 20 Apr, 2026
0
1519

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- जिले में लगातार बढ़ रहे तापमान और भीषण गर्मी को देखते हुए प्रशासन ने स्कूली बच्चों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए बड़ा निर्णय लिया है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी द्वारा जारी आदेश के अनुसार अब जनपद के सभी परिषदीय, मान्यता प्राप्त एवं सहायता प्राप्त विद्यालयों के समय में बदलाव कर दिया गया है।आदेश के मुताबिक कक्षा 1 से 8 तक संचालित सभी विद्यालय अब सुबह 7:30 बजे से खुलेंगे और दोपहर 12:30 बजे तक संचालित होंगे। पहले जहां स्कूल सुबह 8:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक चलते थे, वहीं अब भीषण गर्मी और लू के खतरे को देखते हुए समय को कम कर दिया गया है। यह निर्णय जिलाधिकारी महराजगंज की अनुमति के बाद लिया गया है। अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सभी विद्यालय नए समय का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करें। साथ ही खंड शिक्षा अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में निगरानी कर अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन का मानना है कि इस समय तापमान में लगातार वृद्धि हो रही है, जिससे बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। ऐसे में स्कूलों का समय बदलना एक आवश्यक कदम है। अभिभावकों ने भी इस फैसले का स्वागत करते हुए इसे बच्चों के हित में बताया है। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है और अगली सूचना तक प्रभावी रहेगा।