Maharajganj Times

जिले की सरकारी स्कूल टॉपर बेटियां भरेंगी ऐतिहासिक उड़ान, पहली बार पहुंचेंगी श्रीहरिकोटा

Education
Monday, 23 Mar, 2026
0
107

 

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो : राष्ट्रीय आविष्कार अभियान के तहत महराजगंज की दो टॉपर छात्राएं अब अंतरिक्ष की दुनिया को करीब से देखने जा रही हैं। पहली बार हवाई यात्रा करते हुए वे श्रीहरिकोटा पहुंचेंगी। जिले के लिए गर्व की बात है कि राष्ट्रीय आविष्कार अभियान के अंतर्गत दो छात्राओं का चयन एक्सपोजर विजिट के लिए किया गया है। चयनित छात्राओं में कंपोजिट प्राथमिक विद्यालय ऊटी, परतावल की गरिमा और प्राथमिक विद्यालय बड़हरा, पनियरा की अनुष्का शामिल हैं। दोनों छात्राओं ने जिले में सर्वोच्च अंक प्राप्त कर यह उपलब्धि हासिल की है। इनका चयन स्कूल, ब्लॉक और जिला स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर किया गया है। यात्रा कार्यक्रम के अनुसार छात्राएं सोमवार को गोरखपुर से स्लीपर बस द्वारा दिल्ली जाएंगी, जहां से इंडिगो फ्लाइट से चेन्नई पहुंचेंगी। इसके बाद वे बस से सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र, श्रीहरिकोटा जाएंगी। यह अंतरिक्ष केंद्र भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) का प्रमुख लॉन्चिंग सेंटर है, जहां से देश के बड़े मिशन संचालित होते हैं। भ्रमण के दौरान छात्राएं स्पेस म्यूजियम, लॉन्च व्यू गैलरी और रॉकेट गार्डन का भी अवलोकन करेंगी, जिससे उन्हें अंतरिक्ष विज्ञान की गहन जानकारी मिलेगी। एडी बेसिक गोरखपुर संगीता सिंह ने बताया कि वह स्वयं बच्चों के साथ जाएंगी, ताकि उनकी सुरक्षा और मार्गदर्शन सुनिश्चित किया जा सके। इस उपलब्धि से जिले में खुशी का माहौल है और सभी छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना कर रहे हैं।