Maharajganj Times

शिक्षा के क्षेत्र में चमका महराजगंज, निपुण परिणाम में प्रदेश में तीसरा स्थान, मंडल में अव्वल

Education
Thursday, 19 Mar, 2026
0
178

 

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा सत्र 2025-26 के फरवरी-मार्च माह में कराए गए निपुण आकलन में जनपद महराजगंज ने प्रदेश स्तर पर तीसरा स्थान हासिल कर बड़ी उपलब्धि दर्ज की है। शासन द्वारा जारी रिपोर्ट के अनुसार कक्षा एक और दो के विद्यार्थियों के भाषा व गणितीय दक्षता के आधार पर यह मूल्यांकन किया गया, जिसमें जिले के प्राथमिक विद्यालयों का प्रदर्शन सराहनीय रहा। निपुण भारत मिशन के तहत 27 जनवरी से 14 मार्च तक डायट के डीएलएड प्रशिक्षुओं द्वारा थर्ड पार्टी आकलन कराया गया। इस दौरान जिले के 1412 विद्यालयों में प्रत्येक कक्षा से 12-12 बच्चों का रैंडम चयन कर उनकी सीखने की क्षमता का परीक्षण किया गया। परिणामस्वरूप 874 विद्यालय (61 प्रतिशत) निपुण घोषित हुए। प्रदेश में अलीगढ़ (66%) और कासगंज (64%) ही महराजगंज से आगे रहे। इस उपलब्धि के पीछे संरचित पेडागॉजी, दैनिक अभ्यास, वर्कशीट आधारित शिक्षण, लर्निंग ट्रैकिंग सिस्टम और टीएलएम के प्रभावी उपयोग की महत्वपूर्ण भूमिका रही। साथ ही ब्लॉक से लेकर जनपद स्तर तक नियमित मॉनिटरिंग, समीक्षा बैठकें और मेंटरिंग टीम का सतत सहयोग भी सफलता का आधार बना। ब्लॉकवार प्रदर्शन में बृजमनगंज (85%), परतावल (82%) और सिसवा (80%) निपुण घोषित हुए, जबकि फरेन्दा (69%) और सदर (62%) ने भी अच्छा प्रदर्शन किया। अन्य ब्लॉकों में घुघली, लक्ष्मीपुर, नौतनवा, मिठौरा, धानी, पनियरा और निचलौल का प्रदर्शन क्रमशः रहा।बीएसए रिद्धी पाण्डेय ने बताया कि यह उपलब्धि शिक्षकों, मेंटरिंग टीम, छात्रों और अभिभावकों के सामूहिक प्रयास का परिणाम है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में शेष ब्लॉकों को भी निपुण बनाते हुए महराजगंज को प्रदेश में प्रथम स्थान दिलाने का लक्ष्य रखा गया है। विभाग ने इस प्रदर्शन को बनाए रखने के साथ कमजोर छात्रों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए हैं।

<