Maharajganj Times

पति-पत्नी समेत चार ठग गिरफ्तार, नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों की ठगी का खुलासा

अपराध
Saturday, 13 Jun, 2026
0
502

 

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- बेरोजगार युवाओं को सरकारी और निजी संस्थानों में नौकरी दिलाने का सपना दिखाकर लाखों रुपये की ठगी करने वाले एक संगठित गिरोह का निचलौल पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपित युवाओं से मोटी रकम वसूलने के बाद उन्हें फर्जी नियुक्ति पत्र, ऑफर लेटर और अन्य कूटरचित दस्तावेज देकर गुमराह करते थे। गिरफ्तार आरोपितों में पति-पत्नी समेत चार लोग शामिल हैं। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में अपराध एवं साइबर ठगी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत निचलौल पुलिस, एसओजी और स्वाट टीम ने संयुक्त कार्रवाई की। थाना निचलौल में दर्ज दो मुकदमों की जांच के दौरान पुलिस को इस गिरोह की गतिविधियों की जानकारी मिली थी। जांच में सामने आया कि गिरोह के सदस्य नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं को अपने झांसे में लेते थे और सरकारी विभागों तथा निजी संस्थानों में नियुक्ति कराने का भरोसा देकर उनसे लाखों रुपये ऐंठ लेते थे। इसके बाद फर्जी नियुक्ति पत्र और अन्य दस्तावेज देकर उन्हें विश्वास में रखा जाता था। जब पीड़ितों को ठगी का एहसास होता, तब तक काफी देर हो चुकी होती थी।तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर की सूचना और लगातार की गई सुरागरसी के आधार पर पुलिस ने गोरखपुर और लखनऊ में दबिश देकर राजचन्द्रा उर्फ अजीत, आमोद राठौर, कुलदीप और उसकी पत्नी अराधना कुमारी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपितों के खिलाफ बीएनएस की धारा 318(4), 338, 336(3), 340(2), 352 एवं 351(3) के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस का कहना है कि गिरोह के अन्य सदस्यों, बैंक खातों और लेन-देन की जांच जारी है तथा पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए आगे की कार्रवाई की जा रही है।