Maharajganj Times

बच्चों को आगे कर रची लूट की साजिश, पुलिस ने 7 दिन में किया गैंग का पर्दाफाश

अपराध
Tuesday, 19 May, 2026
0
497

 

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- जिले के पुरन्दरपुर थाना क्षेत्र में हुई चर्चित मल्हनी फुलवरिया लूट कांड का पुलिस ने सफल अनावरण करते हुए चार शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीन बाल अपचारियों को संरक्षण में लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई ज्वेलरी, एक लूटी गई अपाचे बाइक समेत घटना में प्रयुक्त कुल चार मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। बरामद सामान की अनुमानित कीमत करीब ढाई लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार 14 मई 2026 को मल्हनी फुलवरिया के पास बदमाशों ने दुकानदार रंजीत सोनी पर हमला कर उनकी अपाचे बाइक और ज्वेलरी लूट ली थी। बदमाशों ने शराब की बोतल से सिर पर वार कर वारदात को अंजाम दिया था। मामले में थाना पुरन्दरपुर में मुकदमा दर्ज कर पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में स्वाट, एसओजी, सर्विलांस और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई थी। जांच के दौरान सामने आया कि घटना का मुख्य सरगना सनोज वर्मा था। वारदात से पहले बाल अपचारियों से दुकानदार की कई दिनों तक रेकी कराई गई। दुकान खोलने-बंद करने का समय, आने-जाने का रास्ता और गतिविधियों की पूरी जानकारी गैंग तक पहुंचाई जाती थी। घटना के बाद आरोपियों ने पहचान छिपाने के लिए लूटी गई ज्वेलरी को गलाने की भी कोशिश की। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने मधुकपुर महदेवा स्थित पुराने पंचायत भवन के पास घेराबंदी कर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों में सनोज वर्मा, समीर अहमद, राजन उर्फ भोलू मौर्या और मुकेश कुमार शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में कार्रवाई करते हुए न्यायालय भेज दिया है।