Maharajganj Times

नशीली दवाओं के बड़े नेटवर्क का खुलासा, महराजगंज पुलिस ने तीन तस्करों को दबोचा

अपराध
Thursday, 07 May, 2026
0
602

 

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:-  पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन अंतरजनपदीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से भारी मात्रा में प्रतिबंधित दवाएं और नशीले कैप्सूल बरामद किए हैं, जिनकी कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में करीब एक करोड़ रुपये आंकी जा रही है। पुलिस के मुताबिक आरोपी किराये की गाड़ियों के जरिए गोरखपुर से महराजगंज और आसपास के जिलों में सप्लाई करते थे। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत श्यामदेउरवां थाना पुलिस ने बुधवार रात स्टेडियम के पास घेराबंदी कर तीनों आरोपितों को गिरफ्तार किया। कार्रवाई अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ, क्षेत्राधिकारी सदर अकुर गौतम और थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह के नेतृत्व में की गई। गिरफ्तार तस्करों की पहचान रामसमुश केवट निवासी खरोहवा थाना बेलीपार, नवीन कुमार गौतम निवासी अंधियारीबाग थाना गोरखनाथ और संदीप कुमार निवासी डोहरिया थाना तिवारीपुर जनपद गोरखपुर के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया कि तीनों पिछले कई महीनों से नशीली दवाओं की तस्करी में सक्रिय थे और खुद को मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव बताकर कारोबार चला रहे थे। पुलिस ने आरोपितों के पास से 6240 ट्रामाडोल कैप्सूल, 43800 प्रतिबंधित टैबलेट और 3750 अन्य नशीली गोलियां बरामद की हैं। श्यामदेउरवां थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।