Maharajganj Times

नेपाल के मेडिकल कॉलेज में दाखिला कराने के लिए डॉक्टर से हड़पा 55 लाख, दो पर केस

अपराध
Thursday, 26 Mar, 2026
0
321

 

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- नीट पीजी में एडमिशन दिलाने के नाम पर 55 लाख रुपये की ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़ित डॉक्टर की तहरीर पर पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, पीड़ित डॉक्टर प्रभात कुमार श्रीवास्तव ने कोतवाली में दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि विक्की त्रिपाठी और विनोद धीमन ने उन्हें नेपाल के काठमांडू स्थित एक मेडिकल कॉलेज में एडमिशन दिलाने का झांसा दिया। इसके बदले आरोपियों ने कुल 55 लाख रुपये की मांग की। भरोसे में आकर डॉक्टर ने अलग-अलग तारीखों में बैंक खाते और नकद के माध्यम से पूरी रकम दे दी। पीड़ित का कहना है कि रकम लेने के बाद भी आरोपियों ने एडमिशन नहीं कराया। जब उन्होंने पैसे वापस मांगे तो आरोपी टालमटोल करने लगे और बाद में अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए धमकी देने लगे। यहां तक कि आरोप है कि कार्रवाई करने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई। इस मामले में सदर कोतवाल निर्भय सिंह ने बताया कि डॉक्टर प्रभात कुमार श्रीवास्तव की तहरीर के आधार पर विक्की त्रिपाठी और विनोद धीमन के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 351(3) और 352 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के सामने आने के बाद स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े लोगों में भी चिंता का माहौल है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित कर पीड़ित को न्याय दिलाया जाएगा।

<